आसमान से बरसती आग से उत्तर भारत उबलने लगा है। राजस्थान के चूरू में पारा 50 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया है। अन्य शहरों में भी तापमान 48-49 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। दिल्ली में भी पारा 50 डिग्री को छूने की और है। वहीं, यूपी के झांसी में दिन का पारा 49 डिग्री रहा। आगरा में तापमान 48.6 और वाराणसी में 47.6 डिग्री रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, यूपी में मई माह में इतनी तपिश कभी नहीं रही।
बुंदेलखंड में लू और बुखार से 12 की मौत
कानपुर। बुंदेलखंड में तेज धूप व गर्म हवाओं के चलते लू और बुखार की चपेट में आने से 12 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा छह लोगों की मौत महोबा, तीन की हमीरपुर और दो की बांदा में हुई। वहीं, चित्रकूट में एक व्यक्ति की जान चली गई। संवाद
यूपी में सारे रिकॉर्ड टूटे
यूपी में गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। झांसी में पारा 49 डिग्री पहुंच गया, जो 132 वर्ष में सर्वाधिक है। आगरा, हमीरपुर व प्रयागराज में पारा 48.2, कानपुर व वाराणसी में 47.6 और फतेहपुर में 47.2 डिग्री रहा जो मई महीने का अब तक का रिकॉर्ड है।
सप्ताहांत में बारिश के आसार
मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत में बृहस्पतिवार को पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बनने की उम्मीद है, जिससे सप्ताहांत में इस क्षेत्र में बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी।