मुख्य चिकित्सा अधिकारी बने 263 डॉक्टर
दिल्ली सरकार में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के तौर पर कार्यरत 263 डॉक्टरों को पदोन्नति दी गई है। इस संबंधी मांग पूरी करने के लिए डॉक्टरों ने पिछले दिनों उपराज्यपाल कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। उपराज्यपाल कार्यालय के मुताबिक, एलजी वीके सक्सेना ने इन डॉक्टरों को वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी से मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर पदोन्नति को मंजूरी दी है। इनकी पदोन्नति 2018 से 5 वर्षों से अधिक समय से लंबित थी।
सभी डॉक्टर पं. दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल, गुरु तेग बहादुर अस्पताल, लोक नायक अस्पताल, बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल, दीप चंद बंधु अस्पताल, अरुणा आसफ अली सरकारी अस्पताल, जीबी पंत अस्पताल, डीजीएचएस, स्कूल स्वास्थ्य योजना, मोबाइल स्वास्थ्य योजना सहित अन्य जगहों पर सेवाएं दे रहे हैं। उपराज्यपाल ने इस मामले में तेजी से फैसले लेने का निर्देश दिया था।
उन्होंने कई बार कहा कि सरकारी कर्मचारियों की सेवा शर्तें, पदोन्नति और पेंशन कानून के अनुसार सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस साल जनवरी में उपराज्यपाल ने दिल्ली सरकार के विभिन्न अस्पतालों में कार्यरत 139 डॉक्टरों (गैर-शिक्षण विशेषज्ञों) को ग्रेड- II से ग्रेड- I में पदोन्नत करने की मंजूरी दी थी।