निर्भया के तीसरे दोषी मुकेश ने अपने वकील एमएल शर्मा के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में फिर से क्यूरेटिव और दया याचिका दायर करने की अनुमति लेने के लिए याचिका दायर की है। इसमें मुकेश ने एमिकस क्यूरी वृंदा ग्रोवर पर कानूनी उपचारों के बारे में गलत जानकारी देने का आरोप लगाया है। याचिका में कहा है कि ग्रोवर ने 7 जनवरी को जारी हुए डेथ वारंट के बाद एक सप्ताह के भीतर क्यूरेटिव याचिका दायर करने के लिए मजबूर किया था, जबकि उसे इस बारे में जानकारी नहीं दी गई कि जुलाई 2018 में रिव्यू पिटीशन खारिज होने के बाद वह तीन साल के भीतर क्यूरेटिव याचिका दायर कर सकता है। इस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी, अगर इस याचिका पर सुनवाई के लिए 20 मार्च के बाद की तारीख तय होती है तो भी डेथ वारंट स्थगित होने की संभावना बढ़ सकती है।
फिर से करेंगे पटियाला हाउस कोर्ट में अपील : एपी सिंह
निर्भया के दोषियों के वकील एपी सिंह ने कहा कि याचिकाएं लंबित होने की स्थिति में पटियाला हाउस कोर्ट में फांसी को कानूनी तौर पर स्थगित किया जाना चाहिए। इसलिए वह सभी तर्कों को मंगलवार को पटियाला हाउस कोर्ट में रखेंगे, चूंकि जब तक दोषियों की याचिकाओं का निपटारा नहीं होता तब तक फांसी नहीं दी जा सकती।