फोन की घंटी सिर्फ देश के भीतर से ही नहीं विदेशों से आए कॉल से भी बजती है। अब तक 1100 से ज्यादा कॉल विदेशों में फंसे भारतीयों के आए हैं। फोन कॉल की ब्योरा रजिस्टर में बाकायदा दर्ज होता है। इसका मकसद है कि जो जटिल मामले हैं और जानकारी ज्यादा जुटानी होगी तो बाद में भी संपर्क कर सकें।
फोन कॉल रहती है व्यस्त, न हो परेशान
एनसीडीसी के निदेशक सुजीत कुमार सिंह बताते हैं कि कई देशों से फोन कॉल मिल रही हैं। इसके चलते कई बार हेल्पलाइन व्यस्त रहती है। इसका मतलब ये नहीं है कि यहां कोई कॉल लेने वाला नहीं है। इस वक्त लोगों का सहयोग भी जरूरी है। अगर फोन कॉल व्यस्त रहती है तो परेशान नहीं हों। फिर से संपर्क कर सकते हैं। ये नहीं समझें कि कोई कॉल नहीं उठा रहा है।
3 मिनट में ईमेल से भी जवाब
30 फोन लाइन के अलावा ईमेल के जरिये भी लोगों को जबाव भेजे जा रहे हैं। महज दो से तीन मिनट के भीतर ही ईमेल का जवाब भेज दिया जाता है। ज्यादातर ईमेल भारत के बाहर से आ रहे हैं, जिनकी मदद तत्काल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मंत्रालय 24 घंटे काम कर रहा है। इसलिए लोगों को बिलकुल परेशान होने की जरूरत नहीं है।
राज्य कंट्रोल रुम में भी बज रहीं घंटियां
दिल्ली राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने भी कोरोना वायरस को लेकर कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां के हेल्पलाइन नंबर 011-22307145, 22300012 और 22300036 पर संपर्क किया जा सकता है। अब तक यहां 283 फोन कॉल रिकॉर्ड हुई हैं जिनमें ज्यादातर सर्दी जुकाम से ग्रस्त रोगी कोरोना की जांच कराने के लिए पता पूछ रहे हैं। वहीं 11 फोन कॉल दिल्ली कैट्स कंट्रोल रूम में भी पहुंची हैं जिन्होंने कोरोना संदिग्धों को अस्पतालों में भर्ती कराया है।