नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रांत (आईएसकेपी) से जुड़े पांच कथित आतंकियों के खिलाफ बुधवार को विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर दिया। इन आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, राजद्रोह, साक्ष्य नष्ट करने तथा यूएपीए कई की धाराओं में आरोप पत्र दाखिल किया गया है।
पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल आरोप पत्र में दंपती जहांजेब सामी और हिना बशीर के साथ अब्दुल्ला बासित, सादिया अनवर शेख और नबील सिद्दिक को आरोपी बनाया गया है। इनका मकसद देश में आतंकी हमलों को अंजाम देकर खुरासान मॉड्यूल की नींव मजबूत करना और आईएसआईएस के आतंकियों की जड़ों को काटना था।
पुलिस ने इस मामले में सबसे पहले जहांजेब सामी और हिना बशीर को फरवरी 2020 में खुरासान माड्यूल से संबंध के शक में गिरफ्तार किया था। आरोप पत्र के मुताबिक एनआईए की पूछताछ में हिना बशीर और जहांजेब ने सादिया पर अहम खुलासे किए थे। जब एनआईए ने जुलाई में सादिया शेख से पूछताछ की थी तो उसने भी कई खुलासे किए थे।
एनआईए के मुताबिक सादिया शेख टेलीग्राम एप पर अहलेवफा-उक की आईडी से हिना बेग और जहांजेब के अलावा तिहाड़ जेल में बंद अब्दुल्ला बाशित से संपर्क में थी। इन्हीं के इशारों पर सादिया खुरासान मॉड्यूल में महिलाओं को जोड़ने की कोशिश कर रही थी।