सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2021-22 की शुरुआत एक अप्रैल से होने जा रही है। इस सत्र में भी केजी से पांचवी तक के बच्चों की पढ़ाई वर्कशीट से ही होगी। यह वर्कशीट ऑनलाइन या ऑफलाइन दी जाएगी। वर्कशीट तैयार करने के लिए 39 शिक्षकों की टीम गठित की गई है।
सभी सरकारी स्कूल प्रमुखों को कहा गया है कि वह 17 अप्रैल तक वर्कशीट वितरित कर दें। शिक्षा निदेशालय ने केजी से पांचवीं तक की कक्षाओं में ऑनलाइन-आफलाइन माध्यम से टीचिंग लर्निंग गतिविधि जारी रखने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के कारण बीते मार्च से स्कूल बंद होने से इन कक्षाओं की पढ़ाई वर्कशीट के माध्यम से हुई है।
वहीं, इस सत्र में भी पढ़ाई वर्कशीट से होने के कारण यह संकेत मिल रहे हैं कि अभी कुछ दिन और इन कक्षाओं के बच्चों के लिए स्कूल खुलने की संभावना कम है। शिक्षा निदेशालय की ओर से स्कूल प्रमुखों को जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि बच्चों को विषय आधारित जेनरिक वर्कशीट 17 अप्रैल तक दी जाए। उसके बाद तीसरी से पांचवी तक के बच्चों को पाठ्यपुस्तक व पाठ्यक्रम के आधार पर प्रति सप्ताह सात वर्कशीट (दो-दो हिंदी, अंग्रेजी, गणित व एक वर्कशीट ईवीएस) की उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं केजी से दूसरी कक्षा तक के बच्चों को प्रति सप्ताह छह जेनरिक वर्कशीट और दो-दो वर्कशीट हिंदी, अंग्रेजी व गणित की जाएगी। स्कूलों को कहा गया है कि यह सभी वर्कशीट 17 अप्रैल तक अभिभावकों को पाठ्यपुस्तक उपलब्ध करा दी जाए, जिससे कि जब उन्हें वर्कशीट मिले, तब किताबें उनके हाथ में हों। स्कूलों को कहा गया है कि जिन अभिभावकों के पास व्हाट्सएप नहीं हैं उन्हें स्कूल बुलाकर ऑफलाइन वर्कशीट दी जाए। इस दौरान कोविड-19 के सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाएगा।