नए छात्रों के स्वागत के लिए शिक्षक उत्साहित
हेल्पलाइन नंबर और हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में चार अगस्त से नए सत्र की शुरुआत हो रही है। इसको लेकर विश्वविद्यालय की मूल्यांकन शाखा ने अधिसूचना जारी कर दी है। इस नए सत्र में यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए अगले हफ्ते सोमवार से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
इसे लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नए छात्रों के स्वागत के लिए शिक्षक उत्साहित हैं। साथ ही छात्र संगठन भी अपने स्तर पर नए छात्रों के स्वागत को लेकर जुटे हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर और हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है जिससे नए छात्रों को परिसर में किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
हॉस्टल के आवंटन को लेकर एसोसिएट डीन ऑफ स्टूडेंट से की मुलाकात
नए छात्रों को समय से हॉस्टल का आवंटन हो, उसे लेकर जेएनयू छात्रसंघ के पदाधिकारियों ने एसोसिएट डीन ऑफ स्टूडेंट से मुलाकात की। जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा कि देशभर से छात्र आ रहे हैं। शैक्षणिक कक्षाएं शुरू होने वाली हैं। नए छात्रों को लेकर सोमवार को हॉस्टल आवंटन की सूची जारी करने का आश्वासन दिया गया है। नए छात्रों की आवास संबंधी मदद के लिए छात्रसंघ के पदाधिकारी हर समय उपलब्ध है।
फील्ड ट्रिप के संबंध में आवेदन की तारीख बढ़ी
जेएनयू के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 को लेकर पीएचडी छात्रों के लिए डॉक्टरेट रिसर्च कार्य के लिए विदेश में फील्ड ट्रिप के संबंध में आवेदन जमा करने की तारीख को बढ़ा दिया है। इच्छुक छात्र सात अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। इस संबंध में सूचना जारी की गई है।