आईआईटी दिल्ली का शैक्षणिक सत्र 2021-22 के तहत नया सेमेस्टर 9 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। कोरोना के चलते पिछले साल की तरह इस बार भी सेमेस्टर ऑनलाइन ही चलेगा। बीटेक, एमटेक व पीएचडी के छात्र घर बैठे ऑनलाइन ही कक्षाओं से जुड़ेंगे। हालांकि विभिन्न डिग्री प्रोग्राम के करीब 15 सौ छात्र कैंपस हॉस्टल में रह रहे हैं। इन छात्रों को आईआईटी प्रबंधन ने प्राथमिकता के आधार पर हॉस्टल में जगह दी है।
आईआईटी दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, कोरोना संक्रमण को देखते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र के तहत सेमेस्टर ऑनलाइन ही चलाने का फैसला लिया गया है। छात्र घर बैठे ऑनलाइन ही कक्षाओं से जुड़ेंगे। इसके अलावा जिन छात्रों को कैंपस आने की अनुमति मिली हुई है, वे भी ऑनलाइन ही कक्षाओं से जुड़ेंगे।
चुनिंदा छात्रों को ही कैंपस आने की अनुमति
वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक पिछले साल कोरोना संक्रमण में सुधार के बाद चुनिंदा छात्रों को कैंपस में रहकर पढ़ाई की अनुमति दी गई थी। इसके बाद मार्च-अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर के बाद अधिकतर छात्र घर चले गए थे। लेकिन कैंपस में 200 से अधिक छात्र फिर भी थे। ये लॉकडाउन व परिवहन न होने के चलते वापस नहीं लौट पाए थे। इसके बाद जून मध्य में दोबारा से छात्र कैंपस में आ चुके हैं।
फिलहाल 15 सौ के करीब छात्र कैंपस में रह रहे हैं। इनका आना-जाना लगा रहता है क्योंकि पीएचडी, एमटेक, बीटेक फाइनल ईयर, लैब की जरूरत, घर इंटरनेट की दिक्कत समेत अन्य परेशानियों के चलते चुनिंदा छात्रों को कैंपस में कोविड-19 निमयों के तहत रहने की अनुमति मिली हुई है।