नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के पहले और दूसरे वर्ष के छात्रों के लिए करियर में ऊंचाइयां पाने के लिए नई राह खुलने जा रही है। डीयू का केंद्रीय प्लेसमेंट सेल उन्हें इस बार कॉरपोरेट हाउस में इंटर्नशिप कराने जा रहा है। अगर प्रोग्राम सफल रहा तो यह सुविधा एसओएल और एनसीवेब के छात्रों को भी दी जाएगी।
डीयू का सीपीसी इस बार बड़े पैमाने पर छात्रों के लिए इंटर्नशिप की सुविधा लेकर आ रहा है। बीते सीजन में कुछ छात्रों ने कुलपति कार्यालय में इंटर्नशिप की थी। इस बार कॉरपोरेट और इंडस्ट्रियल क्षेत्र में इंटर्नशिप कराई जाएगी। डीयू प्रशासन इसके लिए 500 छात्रों का चयन करेगा। छात्रों को इसका लाभ तब मिलेगा, जब कंपनियों के पास वे जॉब के लिए इंटरव्यू दे रहे होंगे। प्रशासन की सोच है कि तीसरे वर्ष के छात्रों को जॉब ऑफर होने से पहले ही उन्हें इसके लिए तैयार कर लिया जाए। इस ट्रेनिंग का फायदा यह होगा कि छात्र कंपनियों के कामकाज के तरीके से पहले ही परिचित हो जाएंगे। इससे उन्हें करियर में आगे दिक्कत नहीं होगी। छात्रों की पढ़ाई का नुकसान न हो, इसे देखते हुए इंटर्नशिप प्रोग्राम छुट्टी के दौरान होगा। इसके लिए छात्रों का चयन कंपनी के निर्देशों के मुताबिक ही होगा।
प्रोग्राम में हिस्सा लेने के लिए छात्रों को कोई फीस नहीं देनी होगी। प्रशासन की सोच यह कि अगर यह प्रोग्राम सफल रहता है तो अगली बार एसओएल (स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग) और एनसीवेब (नॉन कॉलिजिएट वीमेंस एजुकेशन बोर्ड) के छात्रों को भी मौका दिया जाएगा। इतना ही नहीं, डीयू में चार वर्षीय कोर्स लागू होने पर अगर छात्र इंटरर्नशिप करेंगे तो उनके आंतरिक मूल्यांकन को माफ किया जाएगा।