करावल नगर की वारदात, पुलिस ने पड़ोसी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला किया दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। करावल नगर इलाके में एमबीए की तैयारी कर रहे युवक पर पड़ोसी ने ईंट से हमला कर दिया। ईंट लगते ही छात्र अचेत हो गया। अस्पताल में छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने परिजनों के बयान पर पड़ोसी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दरअसल पड़ोसी शख्स छात्र के माता-पिता के साथ झगड़ा कर रहा था। छात्र ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित संजय (27) परिवार के साथ शिव विहार फेज-2 में रहता है। वह एमबीए की तैयारी कर रहा है। आरोप है कि शनिवार रात वह अपने कमरे में पढ़ाई कर रहा था। इस बीच घर के बाहर गाली-गलौज की आवाज सुनी। संजय ने पड़ोसी को समझाने का प्रयास किया लेकिन आरोपी ने उल्टा उनको डांटना और गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी चला गया और छत से ईंट फेंकनी शुरू कर दी। एक ईंट उसके सिर पर लगी और वहीं गिरकर बेहोश हो गया। पुलिस ने उसका बयान लेकर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।