बीकॉम में दाखिले के लिए दो से पांच फीसदी तक की गिरावट की गई
बीए प्रोग्राम के लिए एक से तीन फीसदी तक की गई कमी
15,210 सीटों में से पहली कटऑफ के आधार पर 6,500 सीटें भरीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन कॉलिजिऐट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) ने अपने 26 कॉलेज सेंटरों पर दाखिले के लिए दूसरी कटऑफ जारी कर दी। इस कटऑफ में भी सामान्य श्रेणी से लेकर आरक्षित श्रेणी के छात्रों के लिए दाखिले की अपार संभावनाएं हैं। बीकॉम में दाखिले के लिए औसतन दो से पांच फीसदी और बीए प्रोग्राम के लिए एक से तीन फीसदी की गिरावट की गई है। पहली कटऑफ के आधार पर एनसीवेब की 15,210 सीटों में से 6,500 सीटें भर गईं। अब इस कटऑफ के आधार पर दाखिले की शुरुआत पांच अगस्त की सुबह दस बजे होगी और सात अगस्त की रात 11 बजकर 59 मिनट तक दाखिला लिया जा सकेगा।
मिरांडा हाउस, हंसराज कॉलेज, मैत्रेयी, दीन दयाल उपाध्याय, श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स में सामान्य श्रेणी की सीटें फुल हो गई हैं। इस कारण से दूसरी कटऑफ में इन कॉलेजों में सामान्य श्रेणी के लिए बीकॉम में दाखिले नहीं होंगे। बीकॉम में सामान्य श्रेणी के दाखिले की बात करें तो केशव महाविद्यालय में 58 फीसदी, महाराजा अग्रसेन कॉलेज में 56 फीसदी, एसपीएम में 55 फीसदी, अदिति महाविद्यालय, भगिनी निवेदिता कॉलेज, आर्य भट्ट कॉलेज में 48 फीसदी पर दाखिला लिया जा सकता है। बीकॉम प्रोग्राम में ओबीसी श्रेणी के तहत मिरांडा हाउस में 75 फीसदी और हंसराज में 74 फीसदी पर दाखिला हो जाएगा। श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स में बीकॉम की कटऑफ ओबीसी के लिए 61 फीसदी गई है जबकि मैत्रेयी में 56 फीसदी पर बीकॉम में दाखिला हो जाएगा। बीकॉम की अन्य कॉलेजों में ओबीसी के लिए कटऑफ 45-53 फीसदी के बीच रही है।
बीए प्रोग्राम (इतिहास-पॉलिटिकल साइंस), कॉम्बिनेशन में सामान्य श्रेणी के लिए मिरांडा हाउस, हंसराज, एसपीएम, श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स, रामानुजन, महाराजा अग्रसेन, डीडीयू, जेडीएम, मैत्रेयी कॉलेज में दाखिले बंद हो गए हैं जबकि राजधानी में 68 फीसदी, माता सुंदरी में 65 फीसदी पर दाखिला हो जाएगा। ओबीसी श्रेणी में हंसराज कॉलेज में 73 फीसदी और मिरांडा हाउस में 74 फीसदी पर दाखिला हो जाएगा। इस प्रोग्राम के लिए सबसे कम कटऑफ 43 फीसदी भगिनी निवेदिता कॉलेज की रही है। अदिति महाविद्यालय में इस प्रोग्राम के लिए 46 फीसदी पर दाखिला हो जाएगा। बीए प्रोग्राम (इकोनॉमिक्स-राजनीति विज्ञान) कॉम्बिनेशन में सामान्य के लिए दाखिले पांच कॉलेज सेंटर पर बंद हो गए हैं जिनमें हंसराज, मिरांडा, डीडीयू, मैत्रेयी व माता सुंदरी कॉलेज शामिल हैं। अन्य कॉलेज सेंटरों पर दाखिले की संभावना बनी हुई है।
एनसीवेब की निदेशक प्रो गीता भट्ट ने कहा कि कटऑफ में विभिन्न प्रोग्राम में औसतन दो से तीन फीसदी की कमी की गई है। अभी भी करीब 9 हजार सीटें खाली हैं इस कारण से दाखिले की संभावना बनी हुई है। उम्मीद है कि दूसरी कटऑफ में ज्यादा छात्राएं दाखिला ले लें। दरअसल हर साल एनसीवेब में एसटी और ओबीसी की सीटें खाली रह जाती हैं। दरअसल इन श्रेणियों से छात्राएं दाखिला कम ही लेती हैं। अब इस कटऑफ के आधार पर छात्राएं 9 अगस्त की शाम पांच बजे तक फीस का भुगतान कर सकती हैं। इसके बाद 11 अगस्त को तीसरी कटऑफ जारी की जाएगी। इस कटऑफ में छात्राओं को दाखिला लेने के लिए दो दिन मिलेंगे।