गांधी नगर इलाके में एक बड़ी राष्ट्रीय पार्टी के नेता ने रुपये वापस न करने युवक की पिटाई कर उसे अगवा कर लिया। आरोपी ने पीड़ित इशाक को अपने दफ्तर में बंधक बना लिया। पीड़ित के भाई ने मामले की सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टेक्नीकल सर्विलांस की मदद से पीड़ित की लोकेशन का पता लगा लिया गया। इसके बाद चंद ही घंटों में उसे सकुशल बरामद कर आरोपी नेता दीपक चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया।
वह शाहदरा जिला, ओबीसी मोर्चे का उपाध्यक्ष है। दीपक का फाइनेंस का काम है। उसने पीड़ित इशाक के जीजा नईम को ब्याज पर रुपये दिए थे। रुपये न मिलने पर आरोपी ने साले इशाक को अगवा कर परिवार से रुपये मांगे थे। गांधी नगर थाना पुलिस आरोपी दीपक चौधरी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक इशाक परिवार के साथ जगतपुरी इलाके में रहता है। व गांधी नगर इलाके में अपने भाई अंसार के साथ एक सिलाई की फैक्टरी में काम करता है। करीब दो साल पहले इशाक के जीजा नईम ने गांधी नगर के ही फाइनेंसर से दो लाख रुपये ब्याज पर लिये थे। नईम ने कारोबार शुरू किया था। लेकिन घाटा होने के कारण वह रुपये नहीं लौटा पा रहा था। आरोप है कि दीपक ने नईम पर रुपये वापस करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
रुपये वापस न करने पर उसने नईम को जान से मारने की धमकी भी दे डाली। इशाक अपने जीजा को बचाने के लिए सामने आया और उसने खुद रुपये वापस करने के लिए कहा। दीपक ने भी नईम को छोड़कर इशाक से रुपये मांगना शुरू कर दिया। कोरोना के कारण इशाक भी रकम नहीं चुका पाया।
आरोप है कि रविवार सुबह करीब 10 बजे दीपक वहां पहुंचा और इशाक से रुपये वापस मांगने लगा। इशाक ने रुपये न होने की बात की तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। फैक्टरी में ही उसे जमकर पीटा। इसके बाद उसे जबरन अपनी स्कूटी पर बिठाकर ले गया। इसके बाद अंसार से रुयये देकर भाई को ले जाने की बात की। अंसार ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन शुरू की। बाद में तीन घंटे बाद इशाक को दीपक के गांधी नगर रस्थ्ति दफ्तर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।