राष्ट्रपति भवन में मुगल गार्डन शनिवार से आम लोगों के लिए खुल रहा है। इसकी जानकारी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी कीर्ति तिवारी ने दी है। लोग गार्डन के खूबसूरत नजारे का लुत्फ उठा सकते हैं। इसके लिए दर्शकों को ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। वहीं दूसरी तरफ ट्यूलिप से दर्शकों को महरूम रहना होगा।
साथ ही गार्डन में आने वाले लोगों को सोशल डिस्टेसिंग के नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। अचानक आने वाले दर्शकों को एंट्री नहीं मिलेगी। गार्डन में गुलाब, डेजी और लिली के अलावा फूलों और पौधों की हजारों किस्म मौजूद हैं, जिन्हें देखने लोग दूर-दूर से यहां आते हैं। कोरोना के चलते 11 महीनों से ज्यादा समय से गार्डन बंद पड़ा था।
जानें क्या है टाइमिंग
अब दर्शक मुगल गार्डन के खूबसूरत नजारे का लुत्फ उठा सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। गार्डन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। शाम चार बजे के बाद कोई एंट्री नहीं मिलेगी। एक स्लॉट में सिर्फ 100 लोगों को ही एंट्री मिलेगी।
बिना मास्क के नहीं मिलेगी एंट्री
थर्मल स्कैनिंग के बाद ही एंट्री मिलेगी। बिना मास्क के एंट्री नहीं मिलेगी। दर्शक अपने साथ बैग, कैमरा, ब्रीफकेस, हैंडबैग्स, खाने का सामान, पानी की बोतल नहीं ले जा सकेंगे। सैनिटाइजर और पीने के पानी की व्यवस्था अंदर ही की गई है। एक जगह पर पांच से ज्यादा लोग इकट्ठा नहीं हो सकेंगे।