राजधानी में ब्लैक फंगस (म्यूकॉरमाईकोसिस) से पीड़ित मरीजों की संख्या 600 के पार पहुंच गई है। तीन दिन में ही 300 से ज्यादा रोगी अस्पतालों में भर्ती हो चुके हैं। तेजी से बढ़ रहे मामलों को देखते हुए अस्पतालों में अतिरिक्त वार्ड बनाए जा रहे हैं। लोकनायक के बाद अब जीटीबी अस्पताल में भी नए वार्ड तैयार किए गए हैं।
जीटीबी अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर बी.एल शेरवाल ने बताया, अस्पताल में अभी ब्लैक फंगस के करीब 65 मरीज भर्ती हैं। इनमें से ज्यादातर मधुमेह से पीड़ित है। मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है।
दो दिन पहले तक रोगियों की संख्या केवल 30 थी। लेकिन अब इनमें 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो गई है। पहले चालू किए गए दोनों वार्ड भर गए हैं। इसको देखते हुए दो अतिरिक्त वार्ड बढ़ा दिए गए है। ब्लैक फंगस के इलाज के लिए नए डॉक्टरों की नियुक्ति भी की गई है।
उधर, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भी 55 मरीजों की क्षमता वाला एक वार्ड ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए तैयार कर दिया गया है। अगले एक दो दिन के भीतर सभी 55 बेड को शुरू करने की योजना है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इसके लिए डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है।इसकी प्रक्रिया पूरी होते ही ब्लैक फंगस का इलाज अस्पताल में शुरू हो जाएगा।