फ्रंटलाइन वर्कर्स के रूप में काम कर रहे दिल्ली पुलिस के अभी तक 390 जवान संक्रमित हो चुके हैं। दिल्ली पुलिस के ज्यादातर जवानों को कोरोना वैक्सीन लग चुका है। बावजूद जनवरी, 2021 में दिल्ली पुलिस के 72, फरवरी में 33, मार्च में 24 और अप्रैल में ये संख्या सबसे ज्यादा 390 हो चुकी है।
ऐसे में दिल्ली पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को अपना बचाव करते हुए ड्यूटी करने की बात कही है। कोरोना संक्रमित पुलिसकर्मियों की काउंसलिंग कराई जा रही है। पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को एसओपी का पालन करने को कहा है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कैश काउंटर बंद किए
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने हाल ही में खोले गए कैश काउंटरों को बंद कर दिया है। अब चालान दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट पर ही जमा कराए जा सकते हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पिछले सप्ताह से ही कैश काउंटर खोले थे और इन काउंटर पर शनिवार व रविवार को ही चालान जमा किए जा सकते थे।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार दिल्ली ट्रैफिक पुलिसकर्मी जहां हर रोज करीब पांच हजार चालान करते हैं वहीं सीसीटीवी कैमरों से 25 हजार चालान होते हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोरोना से हालत ठीक होने पर इस कैश काउंटर को फिर से खोलने पर विचार किया जाएगा।