नई दिल्ली। मिजोरम सचिवालय सेवा के 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) का दौरा किया और स्मार्ट सिटी पहलों पर ज्ञान-साझाकरण चर्चा में भाग लिया। यह दौरा एनडीएमसी के भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए) के सहयोग से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा था।
इस अवसर पर एनडीएमसी सचिव राकेश कुमार ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत परिषद की प्रमुख पहलों और सतत शहरी विकास की दिशा में उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनडीएमसी देश की सबसे नागरिक-अनुकूल और तकनीक-संचालित नगर परिषदों में से एक है। बैठक में एनडीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी क्षेत्र-विशिष्ट नवाचारों और स्मार्ट विकास परियोजनाओं के अनुभव साझा किए। डॉ. शकुंतला श्रीवास्तव ने स्मार्ट ई-लर्निंग, सौर ऊर्जा, स्मार्ट पार्किंग, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और आरआरआर मॉडल जैसी पहलों पर प्रस्तुति दी। उन्होंने वायु प्रदूषण नियंत्रण, हरित आवरण विस्तार और ई-कचरे के वैज्ञानिक निपटान पर भी प्रकाश डाला। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने एनडीएमसी के एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र का भ्रमण किया। ब्यूरो