सेना से छुट्टी लेकर आया स्क्वाड्रन लीडर (पायलट) भागीरथी पैलेस इलाके में वारदात का शिकार हो गया। पीड़ित अभिमन्यु सिंह (30) मार्केट में अपने बड़े भाई के साथ बिजली का सामान लेने आया था। यहां किसी ने उनका बैग उड़ा लिया। अभिमन्यु सामान देखने में व्यस्त थे, इस बीच एक ही मिनट के भीतर एक युवक ने वारदात को अंजाम दिया। बैग में एक लाख रुपये, सेना का आईकार्ड, कैंटीन कार्ड, सरकारी मोबाइल और उनका मूवमेंट आर्डर के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण कागजात मौजूद थे।
बैग गायब होने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली थाना पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया। सीसीटीवी फुटेज देखने पर एक युवक बैग ले जाते हुए दिखाई दिया। उसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक अभिमन्यु सिंह परिवार के साथ जेवीटीएस गार्डन, छतरपुर विस्तार में रहते हैं। वह वायु सेना में पायलट हैं। पिछले कुछ दिनों से उनको घर पर जरूरी काम था। इसके लिए वह चार जनवरी से 17 जनवरी तक छुट्टी लेकर घर आए हुए थे। सोमवार शाम को अभिमन्यु अपने बड़े भाई रमेश सिंह के साथ बिजली का सामान खरीदने के लिए भागीरथी पैलेस पहुंचे। यहां दोनों एक दुकान पर खड़े होकर सामान देखने लगे। अभिमन्यु ने अपना पिट्ठू बैग जिसमें कैश व जरूरी कागजात थे, अपने बराबर में कुर्सी पर रख दिया। चंद ही मिनटों बाद उनकी कुर्सी पर नजर गई तो उनको अपना बैग गायब मिला। इधर-उधर देखने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची तो अभिमन्यु ने बताया कि बैग में पांच-पांच सौ की दो गड्डियां, सरकारी फोन, सेना का आईकार्ड, कैंटीन कार्ड, मूवमेंट ऑर्डर, डीएल, पैन कार्ड व अन्य महत्वपूर्ण कागजात थे। पुलिस ने फौरन मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से उनकी महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।