झगड़े में बीचबचाव कराने गया था युवक
मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मोती नगर इलाके में छोटे भाई का एक नाबालिग के साथ हो रहे झगड़े में बीचबचाव कराना युवक को भारी पड़ गया। नाबालिग ने पीड़ित पर चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। पीड़ित की पहचान अनिकेत के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार नाबालिग की तलाश कर रही है। अनिकेत सपरिवार मोती नगर के कर्मपुरा में रहते हैं। वह एक ज्वेलर्स के यहां हेल्पर का काम करते हैं। पुलिस को दी शिकायत में अनिकेत ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके छोटे भाई की इलाके में रहने वाले नाबालिग के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। नाबालिग उसके भाई के साथ ही स्कूल में पढ़ता है।
13 मार्च की शाम रात करीब नौ बजे शोरगुल सुनकर वह घर से बाहर निकले। घर से कुछ दूरी पर नाबालिग को उनके भाई के साथ झगड़ा करते देखा। वह बीचबचाव के लिए वहां पहुंचे। इस दौरान नाबालिग ने चाकू से उनके सिर पर हमला कर दिया। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। उनकी पत्नी ने पुलिस को घटना की जानकारी देकर उन्हें पास के अस्पताल लेकर गई। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।