फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआर में तीन दिन झमाझम बारिश: मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, सुबह से बरसेंगे बदरा

Sun, 18 Jul 2021 02:11 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक दिल्ली में झमाझम बारिश होगी। इसके बाद भी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। 
विज्ञापन
दिल्ली में तीन दिन बारिश की संभावना - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उमस भरी गर्मी से परेशान होकर बारिश की राह देख रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों का इंतजार आज सुबह से खत्म हो सकता है। मौसम विभाग ने तीन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश की संभावना जताई है। सप्ताह के अंत तक बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत जारी रहेगी। 

विज्ञापन


प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार अधिक 38.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 83 व न्यूनतम 54 फीसदी रहा। दिल्ली में सबसे अधिक तापमान नजफगढ़ इलाके में 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा जफरपुर में 38.2 डिग्री सेल्सियस, गुरुग्राम में 39.2 व नोएडा में 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा। 

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक दिल्ली में झमाझम बारिश होगी। इसके बाद भी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 
विज्ञापन


उल्लेखनीय है कि इस बार मानसून ने 13 जुलाई को दस्तक दी थी। इसके बाद लगातार दो दिनों तक तेज बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन तीसरे दिन से निकली धूप ने उमस पैदा कर दी है। यही वजह है कि दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। 

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दो जून को केरल में दस्तक देने के बाद मध्य भारत को तय समय से पहले ही कवर कर लिया था, लेकिन पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली व पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में देरी से बढ़ रहा था। गत 13 जुलाई को दस्तक देने के बाद बीच में मानसून की चाल कमजोर पड़ गई थी। अब रविवार से अच्छी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर की हवा शनिवार को औसत श्रेणी में रही। दिल्ली का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 117, फरीदाबाद का 95, गाजियाबाद का 143, ग्रेटर नोएडा का 156, गुरुग्राम का 107 व नोएडा का 169 एक्यूआइ रहा। बारिश को देखते हुए अगले 24 घंटों में हवा की गुणवत्ता में और सुधार होने की संभावना है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें