नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते संक्रमण के बीच उपराज्यपाल अनिल बैजल ने मंगलवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई। इसमें संक्रमित मरीजों की संख्या, इनके इलाज के लिए स्वास्थ्य का मौजूदा ढांचा, बेड, टेस्टिंग समेत दूसरे कई मसलों पर चर्चा हुई। दोपहर बाद हुई बैठक पर उपराज्यपाल ने ट्वीट किया कि बेहद शांतिपूर्ण माहौल में बैठक हुई। इसमें सभी दलों की तरफ से काफी रचनात्मक सुझाव आए हैं। सभी दल एक साथ मिलकर कोरोना वायरस से लड़ने को तैयार हैं। दूसरी तरफ दिल्ली के तीन बड़े राजनीतिक दलों आम आदमी पार्टी (आप), भाजपा व कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने बैठक के बाद एक-दूसरे तीखे आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं।
एलजी ने भाजपा के दबाव में पलटा दिल्ली सरकार का फैसला : संजय सिंह
बैठक खत्म होने के बाद आप सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। संजय सिंह ने कहा कि उपराज्यपाल ने भाजपा के दबाव में दिल्ली कैबिनेट के उस फैसले को पलट दिया है, जिसमें दिल्लीवालों को दिल्ली सरकार के अस्पतालों में इलाज करने का प्रावधान कोरोना काल तक के लिए किया गया था। दूसरी तरफ उपराज्यपाल के पास दिल्लीवालों के इलाज के लिए कोई योजना नहीं है। संजय सिंह ने कहा कि सभी अस्पतालों को पूरे देश के लिए खोलने पर 31 जुलाई तक दो से ढाई लाख बेड की जरूरत पड़ेगी। इतने बड़े पैमाने पर बेड का इंतजाम कहां से होगा, इसका उपराज्यपाल के पास कोई जवाब नहीं है। संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार के फैसले का पलटवाकर भाजपा ने मान लिया है कि यूपी की योगी सरकार और हरियाणा की खट्टर सरकार पूरी तरह फेल हो गई है। इसीलिए उपराज्यपाल पर दबाव डालकर दिल्ली सरकार का फैसला पलटवाया गया। जबकि डॉ. महेश वर्मा की रिपोर्ट पर दिल्ली कैबिनेट ने दिल्ली सरकार के अस्पतालों को यहां रहने वाले लोगों के लिए सुरक्षित किया था।
महामारी से निपटने के लिए दिल्ली सरकार के इंतजाम पर्याप्त नहीं : आदेश गुप्ता
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बैठक के बाद कहा कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए दिल्ली सरकार के इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं। दिल्ली में भय का माहौल बन रहा है और निरंतर हालात बिगड़ रहे हैं। हालांकि, दिल्ली भाजपा महामारी से निपटने के लिए हर तरह का सहयोग करने को तैयार है। गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार की नाकामी से स्थिति निरंतर हालात बिगड़ रही है। बैठक में सुझाव दिया गया कि दिल्ली में मौजूदा स्थिति को देखते हुए कोरोना टेस्ट और बेड की संख्या बढ़ाने की जरूरत है क्योंकि मौजूदा संसाधन महामारी से निपटने के लिए पर्याप्त नहीं है। आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार और उसके नोडल अधिकारी महामारी की स्थिति को नियंत्रण में करने में नाकाम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर महामारी से निपटने के लिए सामाजिक संस्थाओं और सभी पार्टियों को एक साथ लेकर कार्य करना चाहिए।