नई दिल्ली। एमसीडी चुनाव की तरफ बढ़ रही दिल्ली में संविदा कर्मियों को नियमित करने की घोषणा शुरू हो ई है। पिछले दिनों दिल्ली सरकार ने जलबोर्ड कर्मियों को नियमित किया था। अब भाजपा शासित एमसीडी के 16,346 सफाई कर्मियों को नियमित करने का आश्वासन दिया गया है। भाजपा ने तीनों एमसीडी कर्मियों को जल्द ही नियुक्ति पत्र देने का ऐलान किया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी अपने सफाईकर्मियों को बड़ी सौगात देने जा रही है। तीनों एमसीडी ने यह फैसला किया है कि आने वाले समय में 16,346 सफाईकर्मियों को नियमित किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली को साफ रखने में सबसे बड़ा योगदान सफाईकर्मियों का होता है, और भाजपा हमेशा से ही सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य एवं उनकी जीवनशैली का विशेष ध्यान रखती है।
इस मौके पर उत्तरी दिल्ली एमसीडी मेयर सरदार राजा इकबाल सिंह, पूर्वी दिल्ली एमसीडी के मेयर श्याम सुंदर अग्रवाल, दक्षिणी दिल्ली एमसीडी स्थायी समिति अध्यक्ष बीके ओबरॉय की उपस्थित रहे।
क्या है योजना
उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा 975 सफाईकर्मियों को नियमित किया जा चुका है, जबकि 6646 सफाईकर्मियों को नियमित करने वाला है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम द्वारा 400 सफाईकर्मी नियमित हो चुके हैं, जबकि 1489 सफाईकर्मियों को नियमित किया जाना बाकी है। वहीं पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा 5136 सफाईकर्मियों को नियमित किया गया, जबकि 1700 सफाईकर्मी नियमित किए जाने बाकी हैं।