दिल्ली की सड़कों पर गुरुवार सुबह भारी जाम लग गया। जाम की वजह से गाड़ियों का चक्का जाम हो गया। इससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नोएडा-दिल्ली कालिंदी कुंज मार्ग पर आज सुबह जाम लग गया। नोएडा से दिल्ली आने-जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना भारी जाम लगा है कि गाड़ियों का चक्का टस से मस नहीं हो रहा है। घंटों से लोग गाड़ी में फंसे हैं।
दरअसल, बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए कई पाबंदियां लगाई गई हैं। जिससे परेशानी बढ़ गई है। दिल्ली में दूसरे राज्यों से आने वाले ट्रकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है, जिससे नई मुश्किल खड़ी हो गई है। नोएडा बॉर्डर पर पांच किलोमीटर तक भारी जाम लग गया है। जाम में सैकड़ों गाड़ियां फंसी हुई हैं।
दिल्ली की आबोहवा बढ़ते प्रदूषण से बिगड़ती जा रही है। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली तथा उसके पड़ोसी राज्यों के साथ बैठक कर मंगलवार देर रात प्रदूषण से निपटने के आपात उपायों की घोषणा कर दी थी। बैठक में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए थे। एनसीआर के सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को इन उपायों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
डीजल जेनरेटरों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध
आयोग के सदस्य सचिव अरविंद नौटियाल ने बयान जारी कर दिल्ली-एनसीआर के राज्यों के लिए बाध्यकारी फैसलों की घोषणा की थी। आयोग द्वारा लिए गए फैसले में उद्योगों, निर्माण गतिविधियों, वाहनों, धूल के प्रबंधन, वर्क फ्रॉम होम जैसे उपाय शामिल हैं। एनसीआर में आपातकालीन इस्तेमाल के अलावा डीजल जेनरेटरों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध के पूर्व के फैसले को सख्ती से लागू करने के लिए कहा गया है।
ट्रकों के प्रवेश पर रोक पुराने वाहनों पर सख्ती
दिल्ली में जरूरी चीजों की आपूर्ति को छोड़कर अन्य सभी ट्रकों का प्रवेश 21 नवंबर तक रोक दिया गया है। 10 साल से पुराने डीजल वाहन और 15 साल से पुराने पेट्रोल वाहनों पर सख्ती बढ़ाई जाएगी। प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर खास नजर रखी जाएगी। ट्रैफिक जाम न लगे, इसके लिए ज्यादा टीमें उतरेंगी।