नई दिल्ली। जाफराबाद इलाके में शुक्रवार शाम एक गैस रिफिलिंग की दुकान में भीषण आग लग गई। दुकानदार ने भागकर किसी तरह जान बचाई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे दमकलकर्मी आग बुझाने में जुट गए। इसी दौरान एक सिलिंडर में धमाका होने से पांच दमकलकर्मी घायल हो गए। इसके साथ ही दो स्थानीय लोग भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।
सभी को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दो दमकल कर्मियों की हालत नाजुक बनी हुई है। दमकल की छह गाड़ियों ने करीब सवा दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान सिलिंडर में धमाका होने से आस-पास की चार दुकानों और वहां खड़ी कई बाइक और स्कूटी आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गई।
जांच में पता चला है कि हादसे के वक्त दुकानदार बड़े एलपीजी सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में गैस भर रहा था। दुकान में रखे दो सिलिंडर फटे हैं। पुलिस मामला दर्ज कर दुकानदार शादाब से पूछताछ कर रही है। घायल दमकल कर्मियों की पहचान महावीर, सुशील, सुरेश, राकेश और फिरोज के रूप में हुई है। घायल स्थानीय लोगों की पहचान रहीस और नवीन के रूप में हुई है।
दमकल विभाग को पौने सात बजे गली नंबर 39 जाफराबाद में गैस रिफिलिंग की दुकान में आग लगने की जानकारी मिली। आग लगते ही वहां अफरातफरी मच गई। आस-पास रहने वाले लोग तुरंत अपने घरों को खाली कर भागे। रिफिलिंग की दुकान से आग की लपटें निकल रही थीं। आग दुकान के बाहर बिजली की तारों में लग गई और पटाखे की तरह आवाजें आने लगी।
घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने तुरंत बिजली कटवाई। इसी बीच दुकान में रखे सिलिंडर के फटने से आग विकराल रूप ले चुकी थी और आग आस-पास की दुकान में फैल गई थी। दमकल कर्मी वहां पहुंचते ही आग बुझाने में जुट गए। इसी दौरान दुकान में रखे एक सिलिंडर में विस्फोट हो गया। जिसकी चपेट में पांच दमकल कर्मी व दो स्थानीय लोग आ गए। सभी बुरी तरह झुलस गए। झुलसे हुए लोगों को अस्पताल भेजकर दमकल कर्मी आग बुझाने में जुट गए।