मनोज तिवारी और अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी का कहना है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 1984 के दंगा पीड़ित परिवारों को बेघर कर रहे हैं। सिख परिवारों के पुनर्वास, शिक्षा, रोजगार देने का वादा करने वाली आप ने एक भी वादा पूरा नहीं किया है।
दिल्ली सरकार ने अब तक सिख समुदाय के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि अचानक सिख परिवारों को बेघर करने से स्पष्ट है कि केजरीवाल लोकसभा चुनाव में अपनी हार का बदला ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बदले की राजनीति करना मुख्यमंत्री केजरीवाल की फितरत है। उन्होंने सत्ता में बने रहने के लिए धर्म-जाति पर आधारित तुष्टिकरण की राजनीति की है। भाजपा इन दंगा पीड़ित परिवारों के साथ हर कदम पर खड़ी है। पार्टी इनके साथ अन्याय नहीं होने देंगी।
मनोज तिवारी ने बताया कि मंगोलपुरी स्थित पंजाबी कैंप में रहने वाले 1984 के सिख दंगा पीड़ित 250 परिवारों को उजाड़ दिया गया है। केजरीवाल सरकार बिना आश्रय दिए लाचार और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के इन परिवारों को उजाड़कर अपनी सिख विरोधी मानसिकता को जाहिर कर रही है। उन्होंने पंजाबी कैंप की घटना की कड़ी निंदा की है।