राजधानी में जगह-जगह गणेश वंदना के साथ भव्य रामलीला का हुआ शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में सोमवार को नवरात्रों के आगमन के साथ ही विभिन्न रामलीला समितियों ने अपने मंचों पर भव्य और सांस्कृतिक उत्सव की शुरुआत की। लालकिला मैदान से लेकर अशोक विहार, रोहिणी, पीतमपुरा, द्वारका, दक्षिण दिल्ली, पूर्वी दिल्ली तक गणेश वंदना के साथ रामलीला मंचन ने दर्शकों को धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक धरोहर का अद्भुत संगम दिखाया।
श्रीधार्मिक लीला कमेटी ने लालकिला मैदान के माधवदास पार्क में गणेश पूजन के साथ मंचन की शुरुआत की। कमेटी के महासचिव धीरजधर गुप्ता, सचिव प्रदीप शरण व रवि जैन ने बताया, गणेश वंदना में सभी कलाकार, पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। मंचन में भगवान गणेश की एकदंत कथा के साथ आरती की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। वहीं लव कुश रामलीला कमेटी ने लालकिला ग्राउंड पर सोम नाथ मंदिर के तीन मंजिला एलईडी सेट पर गणेश पूजन के साथ अपनी लीला की शुरुआत की। कमेटी अध्यक्ष अर्जुन कुमार के अनुसार केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के चेयरमैन किशोर मकवाना विशेष अतिथि रहे। गणेश पूजन के बाद रावण-वेदवती संवाद, तुलसीदास की नाटिका और वाल्मीकि व लव-कुश की रामायण कथा का मंचन हुआ। एआई तकनीक और डिजिटल सिस्टम के माध्यम से यह लीला देश और विदेश के टीवी चैनलों पर लाइव टेलीकास्ट भी की गई।
रामलीला ग्राउंड में ही नवश्री धार्मिक लीला कमेटी ने मंगलाचरण और गणेश पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ किया। महासचिव जगमोहन गोटेवाला ने बताया, गणेश पूजन में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल शामिल हुए। प्रचार मंत्री राहुल शर्मा ने बताया, मंचन में भगवान श्रीराम के पृथ्वी पर अवतार लेने का उद्देश्य दर्शाया गया और सत्य, धर्म और मर्यादा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। जबकि श्रीराम धार्मिक रामलीला समिति ने दक्षिण दिल्ली में लाजपत नगर और ग्रेटर कैलाश के बीच डीडीए पार्क में लंबे समय के प्रयास के बाद भव्य आयोजन किया। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अलोक कुमार ने गणेश पूजन किया। नारद मोह की लीला के मंचन के साथ फूड बाजार और झूलों का आनंद भी स्थानीय लोगों ने उठाया। समिति के चेयरमैन सतीश उपाध्याय ने बताया कि गिल आर्ट प्रोडक्शन की मंडली ने डिजिटल तकनीक के साथ रामलीला का मंचन किया।
आदर्श रामलीला कमेटी अशोक विहार फेस 2 ने नवरात्रों का शुभारंभ डांडिया और गरबा के रंग-बिरंगे आयोजन के साथ किया। भाजपा के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष और सांसद नरेश बंसल व प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग मुख्य अतिथि रहे। समारोह में महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक परिधानों में जमकर डांडिया खेला। गायकों व नृत्यांगनों ने माहौल को उत्सव प्रिय बना दिया।
कामधेनु रामलीला समिति ने वेस्ट विनोद नगर, आईपी एक्सटेंशन में अपने पारंपरिक कार्यक्रम का आयोजन किया। गणेश वंदना, श्रीराम स्तुति, रावण तपस्या, कैलाश लीला और क्रोधित शिव द्वारा रावण के अहंकार का नाश, सभी का जीवंत मंचन हुआ। श्रवण कुमार के माता-पिता की तीर्थ यात्रा और मृत्यु का प्रसंग दर्शकों को भावविभोर कर गया। यह लीला गढ़वाली–कुमाऊंनी शैली के अवधी, संस्कृत, उर्दू और बृज चौपाइयों के मिश्रण के साथ प्रस्तुत की गई। श्री केशव रामलीला कमेटी ने पीतमपुरा के डीडीए ग्राउंड में संसद भवन थीम पर आधारित हाईटेक भव्य मंच पर सम्पूर्ण रामकथा का मंचन किया। नृत्य-नाटिका, संवाद और सिनेमा इफेक्ट्स के साथ मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।