नई दिल्ली। द्वारका की छावला थाना पुलिस ने किशोरों से चोरी करवाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह दिन में नारियल बेचने के बहाने गलियों में घूमकर बंद मकानों और दुकानों की रेकी करता था और रात में किशोरों को भेजकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिलवाता था। आरोपी की पहचान राकेश के रूप में हुई है।
विज्ञापन
द्वारका पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि राकेश ने चोरी के लिए 14 और 15 साल के दो किशोरों को अपने गिरोह में शामिल कर रखा था। आरोपी ऐसे किशोरों को चुनता था, जो दुबले-पतले होने के कारण संकरे रास्तों से अंदर दाखिल हो सकें। उन्हें चोरी करने का तरीका भी सिखाया गया था। वारदात के बाद चोरी के सामान के हिसाब से उन्हें 10 हजार रुपये तक देने का लालच दिया जाता था। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने 23 नवंबर की रात डीनपुर गांव में नजफगढ़-गुरुग्राम रोड स्थित कपड़ों के एक शोरूम में चोरी की थी। संवाद