दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल(सीआईएसएफ) के जवानों ने मिठाई के डब्बे में विदेशी मुद्रा की तस्करी करने वाले एक यात्री को पकड़ा है। यात्री यूएस डॉलर को मिठाई के पैक में छुपाकर दुबई ले जा रहा था।
उसके कब्जे से 27 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा बरामद की है। उसे कस्टम विभाग के हवाले कर दिया है। कस्टम अधिकारी यात्री से पूछताछ में जुटे हैं।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता अपूर्व पांडेय ने बताया कि बुधवार देर रात 12.25 बजे हवाई अड्डा के टर्मिनल तीन पर तैनात निगरानी और खुफिया कर्मचारियों ने एक यात्री को संदिग्ध हालत में घूमते हुए देखा। शक के आधार पर जवानों ने यात्री को हिरासत में लेकर उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग में रखे मिठाई के डब्बे के निचले तल से विदेशी मुद्रा मिली।
अधिकारी ने बताया कि उसके बैग में 15 मिठाई के डब्बे थे। सभी की तलाशी ली गई। डिब्बे के निचले हिस्से में एक तल बनाया गया था, जिसमें अमेरिकी डॉलर छुपा कर रखे गए थे। डिब्बे से तीस हजार अमेरिकी डॉलर मिले।