नई दिल्ली। इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखकर रेस्टोरेंट को खाने का आर्डर देना एक शख्स को बहुत भारी पड़ गया। आरोपी ने कार्ड की डिटेल लेकर उसके अकाउंट से 70 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने द्वारका नार्थ थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
द्वारका सेक्टर 13 निवासी विपुल वर्मा ने शिकायत में बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर एक रेस्टोरेंट का विज्ञापन देखा। उस पर क्लिक करने कुछ देर बाद एक मोबाइल नंबर से उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने आर्डर मिलने की बात कही और फिर उसने विपुल से डेबिट कार्ड की पूरी जानकारी ली। इसके कुछ पल बाद विपुल के मोबाइल पर अकाउंट से रुपये निकालने के तीन मैसेज आए।
आरोपी ने उसके अकाउंट से 70 हजार रुपये निकाल लिए। ठगी का एहसास होने के बाद उसने पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की तकनीकी जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।