साइबर सेल व चितरंजन पार्क थाना पुलिस ने पिता-पुत्री के संयुक्त खाते से चार लाख रुपये निकालने के आरोपी युवक को भागलपुर, बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी संतोष कुमार के कब्जे से आई फोन समेत तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी ने युवती के बुजुर्ग पिता व उसके बैंक खाते के केवाईसी अपडेट करने के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। गिफ्ट कार्ड देने का भी झांसा दिया था।
आरोपी खाते में केवाईसी अपडेट करने के नाम पर भी ठगी करता था। पुलिस इसके साथियों की तलाश कर रही है। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर के अनुसार चितरंजन पार्क में रहने वाली युवती ने आनलाइन ठगी की शिकायत दी थी। युवती ने अपनी शिकायत में कहा था कि पीएनबी में संयुक्त बैंक खाता है।
किसी ने उसके पिता के मोबाइल पर मेसेज भेजा। आरोपी ने केवाईसी अपडेट करने व गिफ्ट कार्ड देने का झांसा देकर बैंक खाते की जानकारी ले ली और बैंक खाते से चार लाख रुपये चार बार में निकाल लिए। मामला दर्जकर साइबर सेल प्रभारी अजीत सिंह व चितरंजन पार्क थानाध्यक्ष वेदप्रकाश की देखरेख में एसआई अनिल राठौर की टीम ने जांच शुरू की।