दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क में नामी मेकअप आर्टिस्ट के ड्राइवर ने ही मालकिन के यहां लूट की साजिश रच दी। आरोपी ने साथी की मदद से 40 लाख लूट लिए। लेकिन पुलिस ने वारदात के चंद ही घंटों में पर्दा उठाकर मेकअप आर्टिस्ट के ड्राइवर और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
सीआर पार्क पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश में 40 लाख की लूट का पुलिस ने चंद घंटों में पर्दा उठाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने खुलासा किया कि इन लोगों ने टीवी सीरियल क्राइम पेट्रोल देखकर लूट की साजिश रची थी।
एक आरोपी प्रमोद को पता चला था कि मेकअप आर्टिस्ट मायरा के घर में पांच करोड़ से अधिक की रकम रखी है। पहले घर में घुसकर ही लूट की योजना थी, लेकिन ऐन वक्त पर योजना बदल दी गई। प्रमोद ने फूल कुमार को कार में ही मोटी रकम होने की खबर दी, जिसके बाद वह तमंचा लेकर मौके पर पहुंच गया। वहां आंखों में मिर्च पाउडर डालने का नाटक किया गया।
फूल ने आंखों में मिर्च पाउडर डालने के बजाय जमीन पर फेंक दिया। बाद में वह प्रमोद से रुपयों का बैग लेकर फरार हो गया। पीसीआर कॉल होने पर प्रमोद आंख में जलन का नाटक करने लगा, लेकिन पुलिस की जांच में हकीकत से पर्दा उठ गया।
पूछताछ में आरोपी प्रमोद ने बताया कि वह दिल्ली के जमरूदपुर इलाके में किराए का कमरा लेकर रहता है। इसके गांव का ही फूल कुमार भी साथ में रहता था। प्रमोद चालक की नौकरी करता था, जबकि फूल एम-ब्लॉक जीके में पान की दुकान पर नौकरी करता था। दोनों एक साथ टीवी सीरियल क्राइम पेट्रोल देखते थे। यहीं से उन्हें लूट का आइडिया आया।
इसके लिए प्रमोद ने अपने परिचित से एक तमंचे का इंतजाम किया। चूंकि, प्रमोद को पता था कि मायरा के घर में आसानी से धावा बोलकर लूट की जा सकती है, इसलिए उसने फूल कुमार से तैयार रहने के लिए कहा।