दक्षिण दिल्ली के आंबेडकर नगर इलाके में शुक्रवार रात झगड़े के दौरान बीच-बचाव कराने गए दो भाइयों को बदमाश ने गोली मार दी। जख्मी हालत में दोनों को एम्स ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां शनिवार सुबह एक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक की शिनाख्त गुलशन नागर (28) के रूप में हुई है।
अस्पताल में रोहित नागर उर्फ लाला (25) जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा है। वारदात के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मुख्य आरोपी सुमित उर्फ केशव उर्फ चोटी (24) को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागकर वहां पास में मौजूद पीसीआर में घुस गया। पुलिस ने उसे पिस्टल समेत गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद बाकी आरोपी फरार हैं। आंबेडकर नगर थाना पुलिस उनकी तलाश कर रही है। परिवार ने मामले में पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस पूरे मामले की जांच कराने की बात कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक गुलशन परिवार के साथ एच-2, मकान नंबर-75, मदनगीर इलाके में रहता था। गुलशन आईजीआई एयरपोर्ट पर एक एयरलाइंस में कांट्रेक्ट पर काम करता था। वहीं रोहित छोटा-मोटा काम करता है। शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे रोहित और गुलशन खाना खाकर टहलने के लिए निकले थे। इस बीच घर से चंद कदमों की दूरी पर मदनगीर का ही रहने वाला सुमित उर्फ चोटी नईम नामक युवक से झगड़ा कर रहा था। उस समय सुमित के साथ उसका साला गोपाल, दोस्त साहिल व परिवार भी मौजूद था।
शोरशराबे के बीच गुलशन और रोहित वहां से निकले तो रोहित बीच-बचाव कराने पहुंच गया। अचानक सुमित ने रोहित को पीटना शुरू कर दिया। गुलशन ने भाई को बचाने का प्रयास किया तो अचानक सुमित ने पिस्टल निकाल ली। उसने गोली चला दी। एक गोली गुलशन के माथे पर लगी जबकि दूसरी गोली उसकी पीठ पर लगी। आरोपी ने रोहित को भी गोली मार दी। उसके सीने में गोली लगी और वह घर की ओर भागा और घर के नजदीक जाकर गिर गया।
वहां मौजूद लोगों ने सुमित को पकड़कर पीटने का प्रयास किया तो वह जान बचाने के लिए पास में मौजूद पीसीआर में घुस गया। पुलिस ने उसे काबू कर लिया। परिवार ने मामले में पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
खजूरी खास में युवक की गोली मारकर हत्या
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में शुक्रवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खून से लथपथ युवक काफी समय तक सड़क पर पड़ा रहा पर किसी ने पुलिस को सूचना देने की जहमत नहीं उठाई। बीट स्टाफ को खबर मिली तो उसने पुलिस थाने में सूचना दी। पुलिस ने युवक को जग प्रवेश चंद अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक की पहचान सुहैल (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने एक युवक को शक के आधार पर हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस प्रेम प्रसंग, रंजिश समेत तमाम दृष्टिकोण से मामले की जांच कर रही है।