नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के गुलाबी बाग इलाके में एक महिला ने बेची गई सिगरेट और कोल्डड्रिंक के रुपये मांगे तो आरोपियों ने उसकी इज्जत पर हमला कर दिया। एक युवक ने उसका पूरा कुर्ता फाड़ डाला। शोर सुनकर 25 वर्षीय महिला का देवर और मामा ससुर मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी चाकू और ईंट से हमला कर दिया। शोर-शराब सुनकर भीड़ इकट्ठा हुई तो आरोपी फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास, चाकू से हमला करने व छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता सलमा (25) (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ प्रताप नगर में रहती है। सलमा के घर के बराबर में उसके पति की मौसी रहती हैं। मौसी घर में ही परचून की दुकान चलाती हैं।
रविवार रात को सलमा अपनी मौसी की दुकान पर खड़ी थी। मौसी किसी काम से घर में चली गई। तभी वहां पर रोहन, जितेंद्र उर्फ शैदा, नरेंद्र उर्फ मोटा और उसकी ही गली में रहने वाला वरुण आ गए। चारों ने सलमा से सिगरेट और कोल्डड्रिंक ली। सलमा ने सामान देने के बाद उनसे रुपये मांगे तो आरोपी दुकान के अंदर आ गए। वरुण व रोहन ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। बाद में उसका पूरा कुर्ता फाड़ दिया।
सलमा के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसका देवर व मामा ससुर आ गए। उन्हें बुरी तरह पीटने और चाकू से हमला करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को देने के बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज हुआ। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से पड़ताल कर रही है।