राजधानी में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं। इस कड़ी में शनिवार को कुछ इलाकों में हल्की फुहारें पड़ीं। कुछ इलाकों में सिर्फ काले बादल ही मंडराकर रह गए। हालांकि, दिनभर बादल छाए रहने की वजह से गर्मी के तेवर नरम रहे और लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इसके बाद से सप्ताहभर मौसम साफ रहने के साथ पारा चढ़ेगा। शनिवार को पूर्वी जिले के कई इलाकों में मौसम के करवट लेने से बारिश हुई।
कुछ इलाकों में हल्की फुहारें पड़ीं, लेकिन बादल हवा के साथ आगे बढ़ गए। सुबह साढ़े आठ बजे तक आधिकारिक मानक केंद्र सफदरजंग पर 8.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 33.5 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक कम 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर काले बादल सूरज को घेरते रहे, लेकिन नई दिल्ली समेत विभिन्न इलाकों में बारिश नहीं हुई।
स्काईमेट वेदर के प्रमुख मौसम विज्ञानी महेश पलावत के मुताबिक, मानसूनी गर्त इन दिनों मध्य भारत में पहुंच गई है। इस वजह से अभी उत्तर भारत में बारिश की संभावना कम है।