उपराज्यपाल अनिल बैजल ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर यमुना रिवर फ्रंट की मरम्मत एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वेटलैंड की लैंडस्केपिंग, हरियाली बढ़ाने और पौधारोपण के साथ ही नदी पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
उपराज्यपाल कार्यालय ने इस मुद्दे पर कई ट्वीट कर बताया कि बैजल ने डीडीए तथा विशेषज्ञों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। इसमें डीडीए उपाध्यक्ष तथा विशेषज्ञों के साथ बैठक में विकास कार्य की समीक्षा की गई। उन्होंने अब तक किए कार्य की प्रशंसा की और लैंडस्केपिंग, हरियाली बढ़ाने तथा वेटलैंड को बढ़ाने के लिए पौधारोपण तथा जल स्रोतों के पारिस्थितिकी के सुधार कार्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया।
एक अन्य ट्वीट में बताया गया कि उपराज्यपाल ने अधिक से अधिक लोगों को आकर्षित करने के लिए इन क्षेत्रों में पर्यावरण अनुरूप जीरो वेस्ट टॉयलेट, पेयजल, बैठने के स्थान, सोलर लाइटें, साइन बोर्ड, जन सुविधाएं बढ़ाने की सलाह दी।
उन्होंने इसके अलावा पीएम स्वनिधि तथा प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी कई अग्रणी योजनाओं को लागू करने पर भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने इन योजनाओं की प्रगति तथा समस्याओं को सुलझाने की सराहना की।
बैठक के दौरान उन्होंने पीएम स्वनिधि के अंतर्गत ऋण स्वीकृति तथा शीघ्र वितरण के लिए प्रत्येक बैंक में नोडल अधिकारी नियुक्त करने नगर निगमों को सलाह दी। उन्होंने इन योजनाओं को जन हित प्रभावी रूप से लागू करने के लिए कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए कहा।