नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में रविवार शाम रुपयों की लेनदेन में एक ट्यूटर ने छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। 12वीं कक्षा के छात्र चिराग को जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ट्यूटर पंकज झा (31) को गिरफ्तार कर लिया है। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक चिराग अपने परिवार के साथ ब्रह्मपुरी, गली नंबर-6 में रहता है। वह करतार नगर इलाके में पंकज झा के पास ट्यूशन पढ़ने जाता था। चिराग और पंकज में अच्छी दोस्ती हो गई थी। पंकज के कहने पर चिराग ने अपने एक अन्य दोस्त जितेश से उसे 15 हजार रुपये उधार दिलवा दिए, लेकिन बार-बार कहने के बाद भी वह रुपये नहीं लौटा रहा था। रविवार शाम चिराग ट्यूशन पढ़ने के लिए पंकज के पास पहुंचा। उसने रुपयों को लेकर पंकज से बातचीत की तो वह झगड़ा करने लगा। कहासुनी के दौरान आरोपी ने चाकू निकालकर चिराग की गर्दन पर मार दिया और फरार हो गया। शोर-शराबा होने पर पड़ोसी चिराग को अस्पताल ले गए।