भारतीय किसान यूनियन के नेता नरेश टिकैत का कहना है कि वे भी कल से गाजीपुर बॉर्डर के धरना स्थल पर जा सकते हैं। नरेश टिकैत से पूछा गया था कि क्या वे भी अन्य किसानों की तरह धरना स्थल जा सकते हैं।
गाजियाबाद की ओर जाने वाली गाड़ियों के लिए अब NH-9 और NH-24 पर ट्रैफिक मूवमेंट खोल दिया गया हैः दिल्ली ट्रैफिक पुलिस
सरकार अपनी कमजोरी को छुपाने के लिए इस तरह के षड्यंत्र रच रही है। लाल किले पर हमारा क्या उद्देश्य। क्या हम लाल किले पर इतना घिनौना काम कर सकते हैं। कोई किसान भूल-चूक में ट्रैक्टर लेकर लाल किले पर चला गया होगा लेकिन वह वापस आ गया था: नरेश टिकैत, किसान नेता
हम उन क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाओं की बहाली की मांग करते हैं जहां आंदोलन चल रहा है। अन्यथा, हम देश में इसके खिलाफ प्रदर्शन करेंगेः क्रांतिकारी किसान यूनियन के नेता दर्शन पाल सिंह
सिंघु बॉर्डर पर हिंसा के मामले में एसएचओ अलीपुर पर तलवार से हमला करने वाले सहित 44 लोगों को आज गिरफ्तार किया गया: दिल्ली पुलिस
किसान आंदोलन के बीच हरियाणा सरकार ने प्रदेश के 14 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। इससे पहले सोनीपत, झज्जर और पलवल जिले में इंटरनेट सेवा ठप थी।
26 जनवरी को गाजीपुर बॉर्डर पर हुई हिंसा की जांच के लिए दिल्ली पुलिस की फॉरेंसिक टीम पहुंची है।
दिल्ली पुलिस ने 26 जनवरी को हुई किसान हिंसा को लेकर लोगों व मीडियाकर्मियों से अपील की है कि उनके पास कोई वीडियो या फोटो हो तो दिल्ली पुलिस के साथ शेयर करें।
सिंघु बॉर्डर पर जहां किसानों का प्रदर्शन चल रहा है, वहां गुरु तेग बहादुर मेमोरियल स्थित है। वहीं निर्माणाधीन एक दो खंभों पर कुछ लोग चढ़ गए और किसान संगठनों के झंडों को नीचे गिराकर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया।
भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने आज कहा है कि, सरकार हठधर्मी हो रही है, अगर सरकार चाहती तो फैसला बहुत जल्दी हो जाता। अगर मुद्दे का हल नहीं होता तो गाजीपुर बाॅर्डर पर आंदोलन चलेगा। यह बात नरेश टिकैत ने मुजफ्फरनगर में हो रही महापंचायत में कही है।
सिंघु बॉर्डर पर कुछ देर रुकने के बाद स्थानीय लोगों ने फिर किसानों पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हालांकि फिर पुलिस ने उपद्रवियों को रोक लिया और पीछे खदेड़ दिया। वहीं बता दें कि एसएचओ को घायल करने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सिंघु बॉर्डर पर हुई हिंसक झड़प में अलीपुर व नरेला के एसएचओ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एसएचओ नरेला व अलीपुर को स्थानीय प्रदर्शनकारियों ने तलवार मारी जो उनके हाथ में लग गई, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है।
गौरतलब है कि सिंघु बॉर्डर पर स्थानीय लोग जबरन उस जगह तक घुस गए जहां आम लोगों को नहीं जाने दिया जा रहा और फिर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इन स्थानीय लोगों ने प्रदर्शनस्थल पर जाकर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की। प्रदर्शनस्थल पर अराजक तत्वों ने एक पंडाल से लेकर वाशिंग मशीन तक तोड़ दिया। हालांकि सवाल अब ये उठ रहे हैं कि जहां दिल्ली जलबोर्ड के टैंकर भी नहीं जा पा रहे वहां स्थानी प्रदर्शनकारी कैसे पहुंचे।
सिंघु बॉर्डर पर आज फिर स्थानीय लोग प्रदर्शनकारियों का प्रदर्शन करने और रोड खाली कराने के लिए धरनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद किसानों और स्थानीय लोगों के बीच पत्थरबाजी भी शुरू हो गई। जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे।
यूपी के एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा कि, गाजीपुर बॉर्डर पर कल और आज सुरक्षा व्यवस्था इसलिए बढ़ाई गई ताकि इस दौरान ऐसे लोग न घुस जाए जिससे वहां हिंसा फैले। आज पूरे उत्तर प्रदेश में शांति व्यवस्था बनी है और किसानों से लगातार वार्ता चल रही है।
दिल्ली पुलिस ने किसानों की टैक्टर परेड के दौरान नांगलोई में कथित रूप से एक कांस्टेबल से वायरलेस छीनने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार आरोपी पर 2019 में भी तीन मामले दर्ज किये गये थे। पुलिस उपायुक्त (बाहरी) ए कोआन ने कहा, ‘हमने आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसने गणतंत्र दिवस को नांगलोई में कांस्टेबल सोनू से वायरलेस छीन लिया था। उसके (आरोपी के) पास से वायरलेस सेट बरामद कर लिया गया है।’
मुजफ्फरनगर एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि महापंचायत के दौरान शहर के महावीर चौक से सर्कुलर रोड होते हुए सुजडू चुंगी तक का मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। मेरठ की ओर से आने वाले सभी वाहन हाईवे से होते हुए वाया भोपा बाईपास से शहर में प्रवेश करेंगे। वहीं, शामली और बड़ौत की ओर से आने वाले सभी वाहन भी पीनना-वहलना बाईपास होते हुए हाईवे और वहां से भोपा बाईपास होकर शहर में प्रवेश करेंगे और यहीं से होकर जाएंगे। किसी भी वाहन को वहलना चौक से सुजडू चुंगी होते हुए सरकुलर रोड से होकर शहर में घुसने की इजाजत नहीं होगी। किसानों के सभी वाहनों के लिए यही मार्ग आरक्षित किया गया है। महापंचायत में पहुंचने वाले सभी किसानों व अन्य लोगों के वाहन वहलना चौक से सुजडू चुंगी और वहां से सरकुलर रोड होते हुए महावीर चौक स्थित महापंचायत स्थल पर पहुंचेंगे और वहीं पर पार्क होंगे।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के किसान स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष व डीयू के दिव्यांग छात्र अरविंद यादव ने किसानों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। अरविंद व्हील चेयर पर किसान आंदोलन में गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे हैं और तीनों किसान कानून वापसी की मांग को लेकर राष्ट्रपति को पत्र भी लिखा है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और विधायक राघव चड्ढा आज सिंघु बॉर्डर जाएंगे।
गाज़ीपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत चौधरी ने कहा कि आज संसद के सत्र का पहला दिन है और ये मुद्दा संसद के अंदर भी उठना चाहिए। अगर सरकार पीछे हटती है तो इससे उनकी कमजोरी नहीं झलकेगी। प्रधानमंत्री सब विषयों पर बोलते हैं, किसान के बारे में भी बोल दें।
सिंघु बॉर्डर से किसान मजदूर संघर्ष समिति के अध्यक्ष सतनाम सिंह पन्नू ने कहा कि सरकार जो भी करे हम सिंघु बॉर्डर नहीं छोड़ेंगे। जब तक कानून रद्द नहीं हो जाते और MSP पर नया कानून नहीं बन जाता हम यहां से नहीं जाएंगे।
गाजीपुर बॉर्डर पर भारतीय किसान यूनियन (BKU) के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा हम प्रदर्शन स्थल खाली नहीं करेंगे, हम पहले अपने मुद्दों पर भारत सरकार से बात करेंगे, लोगों से शांतिपूर्ण रहने का आग्रह करता हूं।
दिल्ली पुलिस ने नांगलोई में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान 26 जनवरी को कांस्टेबल सोनू से वायरलेस सेट छीनने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी से सेट बरामद कर लिया गया है। वह पहले दिल्ली के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में 2019 में दर्ज तीन अलग-अलग मामलों में शामिल था।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, कई खालिस्तानी ट्विटर अकाउंट दिल्ली पुलिस के रडार पर हैं। ऐसे खातों की पहचान की जा रही है और उनकी सामग्री का एक डंप लिया जा रहा है। इन खातों द्वारा कई भड़काऊ ट्वीट्स पोस्ट किए गए थे।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जाज़ीपुर बॉर्डर पर बैठे किसान नेता राकेश टिकैत ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से किसानों के लिए पानी आदि की सुविधा के लिए कहा था। मुख्यमंत्री के आदेश पर पूरे इंतज़ाम रात ही में हो गए थे। सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा है कि मैं आज बॉर्डर पर इसकी व्यवस्था देखने जाऊंगा।
राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के नेता जयंत चौधरी गाज़ीपुर बॉर्डर पर पहुंचे। कृषि कानूनों के खिलाफ यहां किसानों का विरोध-प्रदर्शन जारी है।
गाजीपुर बॉर्डर को बंद कर दिया गया है। जिसके बाद ट्रैफिक को डायवर्जन किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नेशनल हाईवे-24 और गाज़ीपुर बॉर्डर आने और जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, एनएच 24, एनएच 9, रोड नंबर 56, 57 ए, कोंडली, पेपर मार्केट, टेल्को टी पॉइंट, ईडीएम मॉल, अक्षरधाम और निजामुद्दीन खट्टा से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। इलाके में ट्रैफिक बहुत भारी है। वहीं, सिंघु, औचंदी, मंगेश, सबोली, पियाउ मनियारी सीमाएं बंद हो गईं। लामपुर, सफियाबाद, सिंघु स्कूल और पल्ला टोल टैक्स सीमाएं खोली गईं। DSIDC नरेला के पास NH44 से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। दिल्ली पुलिस का कहना है कि बाहरी रिंग रोड, GTK रोड और NH 44 पर जाने से बचें।
सिंघु बॉर्डर पर तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
टिकरी बॉर्डर पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबल तैनात है। कृषि कानूनों के खिलाफ यहां किसानों का विरोध-प्रदर्शन जारी है
गाज़ीपुर बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने बताया कि हमारे पास अभी ऐसा (प्रदर्शन स्थल खाली करने का) कोई आदेश नहीं आया है। कल शाम को डीएम की तरफ से एक नोटिस आया था, उस पर चर्चा करने के बाद उसका जवाब देंगे।
राष्ट्रीय लोक दल के नेता धरना स्थल पर जुटना शुरू हो गए हैं। धरना स्थल पर किसानों की भीड़ बढ़ने लगी है। मेरठ, शामली समेत पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों से किसान पहुंच रहे हैं।
सुबह करीब 6:30 बजे किसान आंदोलन स्थल पर मंच के सामने बैठे किसान हुक्का गुड़गुडा कर आंदोलन को चलाने की रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। वहीं यूपी गेट पर मुजफ्फरनगर और अन्य इलाकों से किसानों के आने का सिलसिला आधी रात से ही जारी है।
यूपी गेट पर किसान आंदोलन में सुबह 4:00 बजे के दौरान किसान जागकर भी आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति बना रहे हैं। वहीं बुजुर्ग किसान और महिलाएं आंदोलन स्थल पर मंच के सामने ही खुले आसमान के नीचे महज एक कंबल ओढ़ कर अपनी थकान मिटा रहे हैं।
राकेश टिकैत द्वारा भावुक होने वाले वीडियो के वायरल होने के बाद पश्चिमी यूपी में खलबली मच गई। भारतीय किसान यूनियन के चौधरी नरेश टिकैत ने आज मुजफ्फरनगर में महापंचायत का एलान कर दिया। वहीं राकेश टिकैत के समर्थन में सैकड़ों की संख्या में मेरठ, बिजनौर व बागपत से किसान ट्रैक्टरों के साथ गाजीपुर बॉर्डर पर कूच कर गए।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता व दिल्ली में संयुक्त किसान मोर्चा के नेता राकेश टिकैत के समर्थन में गुरुवार देर रात हरियाणा के जींद जिले के कंडेला गांव में ग्रामीणों ने जींद-चंडीगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन लोगों ने करीब 15 मिनट बाद खुद ही जाम खोलते हुए आज गांव में पंचायत कर आगे की रणनीति बनाने का फैसला लिया।
दिल्ली की सीमाओं पर कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का धरना प्रदर्शन जारी है। किसान नेता राकेश टिकैत के आंसुओं के सैलाब के बाद किसान आंदोलन एक बार फिर से रफ्तार पकड़ रहा है। पश्चिमी यूपी और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों से किसान गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचना शुरू हो गए हैं। वहीं, गाजीपुर बॉर्डर को दोनों ओर से बंद कर दिया गया है। आज मुजफ्फरनगर में किसानों की महापंचायत होगी।