नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर प्रदूषण के मुद्दे पर दिखावटी चिंता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में हार के बाद दोनों नेता अचानक दिल्ली की हवा पर बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका एक ही दिन प्रदूषण पर चिंता जताना संयोग नहीं, राजनीतिक रणनीति है।
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की वर्तमान स्थिति के लिए पिछले 15 वर्षों की आप और कांग्रेस सरकारें जिम्मेदार हैं। क्योंकि न तो उन्होंने कोई ठोस कदम उठाए और न ही प्रदूषण के असली कारणों पर कोई व्यापक स्टडी करवाई। उन्होंने सवाल किया कि जब केजरीवाल दस वर्षों तक सत्ता में थे और हर साल प्रदूषण स्तर बढ़ता गया, तब उन्होंने क्या उपाय किए। सुधार से बौखलाई आप अब डेटा में हेरफेर के मनगढ़ंत आरोप लगा रही है।
भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने केजरीवाल पर स्मोग टावर घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर जनता के साथ खिलवाड़ किया और अब एयर प्यूरीफायर पर जीएसटी को मुद्दा बनाकर गंभीरता से बचने की कोशिश कर रहे हैं।