अंजलि के परिजनों ने सहेली निधि पर हत्या का आरोप लगाया है। कहा है कि निधि ने होटल में सभी लड़कों को बुलाया था। परिजनों का कहना है कि अंजलि की हत्या में निधि भी शामिल थी।
पीड़ित युवती के मामा का आरोप है कि निधि ने पांच-सात युवकों को होटल में बुलाया था। उन्होंने मांग की है कि निधि से सख्ती से पूछताछ की जाए। मामा का कहना है कि यदि उसके सामने एक्सीडेंट हुआ था तो यह बात तुरंत क्यों नहीं बताई। पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई।
शराब पीने का दावा खारिज
अंजलि की मां और मामा ने निधि के इस दावे को खारिज कर दिया है कि अंजलि शराब पीती थी। अंजलि के मामा का कहना है कि निधि झूठ बोल रही है। अंजलि को शराब पीने का कोई शौक नहीं था। अगर उस रात अंजलि ने शराब पी होती तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इसका पता चल जाता। इसी से साबित हो रहा है कि निधि झूठ बोल रही है। वह पहले छिपी रही और अब जब उसकी सहेली का अंतिम संस्कार हो गया तो सामने आ गई। आरोपियों को मौत की सजा मिलनी चाहिए।