राखी का त्योहार नजदीक है। बहनें भाइयों की कलाई सजाने की तैयारी में जुटी हैं, लेकिन एक बहन वो भी है, जो सीमा पार बैठी है और अपने भाई को राखी बांधने के लिए बेहद उत्साहित हैं। हम बात कर रहे हैं पाकिस्तान निवासी कमर जहां की, जो नफरत की दीवारों को लांघ कर भाई-बहन के रिश्ते को पिछले 26 साल से सींच रही हैं। पीएम नरेंद्र मोदी की मुंहबोली बहन कमर जहां ने इस साल भी उनके लिए बेहद सुंदर राखी बनाई है।
पीएम मोदी के लिए राखी बनाने वाली कमर जहां पिछले 26 साल से प्रधानमंत्री मोदी को राखी बांधने आ रही है। वो कहतीं हैं कि उनका ये रिश्ता तब से है जब प्रधानमंत्री मोदी भाजपा महासचिव हुआ करते थे। भाई को राखी बांधकर हर बार यही दुआ करती हूं कि वह तरक्की करे और सुरक्षित रहे। कमर जहां ने इस साल भी पीएम मोदी के लिए खास राखी बनाई है। राखी के साथ ही भाई-बहन के प्यार का संदेश देने वाली एक चिठ्ठी भी लिखी है।
पिछले साल कोरोना संकट की वजह से वो प्रधानमंत्री को राखी नहीं बांध पाई थीं, लेकिन डाक से भेज दी थी। कमर जहां के पति मोहसिन शेख और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दूसरे के अच्छे दोस्त हुआ करते थे। कमर जहां का कहना है कि जब मैं पहली बार नरेंद्र मोदी से दिल्ली मिली थी, तब उन्हें पता चला कि मैं कराची से हूं और यहां शादी की है। तब उन्होंने मुझे बहन कह कर संबोधित किया था।
कमर जहां बताती हैं कि मेरा कोई भाई नहीं है। इसलिए एक बार रक्षाबंधन के दिन मैंने मोदी भाई से राखी बंधवाने का आग्रह किया और उन्होंने अपनी कलाई आगे कर राखी बंधवा ली। तब से मैं उन्हें हर साल राखी बांधती हूं। पिछली बार तो नहीं जा पाई, लेकिन इस बार पूरी उम्मीद है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी बांधने जरूर जाएंगी। दरअसल, कमर जहां को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पाकिस्तानी बहन इसलिए भी कहा जाता है, क्योंकि उनका जन्म पाकिस्तान में हुआ था, लेकिन शादी भारतीय पेंटर मोहसिन शेख के साथ हुई थी।