-जारी होगी मेरिट, दिल्ली का निवासी होने पर हॉस्टल में नहीं मिलेगी प्राथमिकता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पीएचडी कार्यक्रम में दाखिला लेने वाले उम्मीदवारों को तकनीक के जरिए हॉस्टल आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए हॉस्टल आवंटन सॉफ्टवेयर तैयार किया है। इसकी मदद से दाखिला पाने वाले उम्मीदवारों की हॉस्टल आवंटन को लेकर मेरिट जारी होगी।
पीएचडी दाखिला को लेकर जारी सूचना के अनुसार हॉस्टल आवंटन के लिए मेरिट उसकी उच्च योग्यता और प्रवेश रैंक के बजाय हॉस्टल प्वाइंट/हॉस्टल रैंक प्रणाली के आधार पर हॉस्टल आवंटन सॉफ्टवेयर के माध्यम से की जाएगी। जेएनयू ने हॉस्टल आवंटन को लेकर तीन तरह की प्राथमिकताएं तय की हैं।
हॉस्टल आवंटन को लेकर पहली प्राथमिकता फुलटाइम पाठ्यक्रम में दाखिला लेने वाले उम्मीदवारों को मिलेगी। इसके लिए कुछ शर्ते तय की गई हैं। इसमें उम्मीदवार ने योग्यता परीक्षा दिल्ली से पास न की हो और दिल्ली का निवासी नहीं होना चाहिए। साथ ही ऐसा उम्मीदवार जिसने परीक्षा दिल्ली से पास की है। लेकिन वह दिल्ली का नहीं है। दिल्ली में किराये पर रहकर या संस्थान के हॉस्टल में रहकर जिन्होंने पढ़ाई की होगी उनको हॉस्टल आवंटन में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा 80 फीसदी दिव्यांग उम्मीदवारों को भी हॉस्टल आवंटन में प्राथमिकता मिलेगी।
दूसरी प्राथमिकता की श्रेणी में ऐसे बाहरी छात्र जिन्होंने जेएनयू से दो वर्ष के अंतराल और अधिकतम पांच वर्ष पहले जेएनयू से परीक्षा उत्तीर्ण की है वह भी हॉस्टल आवंटन के योग्य है। इसके अलावा जो हॉस्टल आवंटन की पहली और दूसरी प्राथमिकता की श्रेणी में नहीं आएंगे उन्हें तीसरे चरण में आवंटन को लेकर तरजीह मिलेगी। इसमें ऐसे छात्र जिनके पास पहले हॉस्टल है वह दाखिला के समय हॉस्टल आवंटन के लिए योग्य नहीं होंगे। हॉस्टल उम्मीदवार आवेदन फॉर्म में भरे पते को नहीं बदल सकेंगे। जेएनयू में उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग 19 हॉस्टल की सुविधा है।