जेएनयू ने कोरोना को लेकर हॉस्टलों को एडवाइजरी की जारी
-हॉस्टल निवासियों और कर्मचारियों को प्रोटोकॉल का पालन के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच एक बार फिर से जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) डीन छात्र कार्यालय ने हॉस्टलों में कोविड रोकथाम और प्रबंधन को लेकर एडवाइजरी जारी की है। संक्रमण के प्रसार को फैलने से रोकने के लिए सभी हॉस्टल निवासियों और कर्मचारियों को प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
खांसने, छींकने या किसी सतह को छूने के बाद हाथों को साबुन से कम से कम 20 सेकेंड तक अच्छे से धोने के निर्देश दिए गए हैं। अगर साबुन और पानी उपलब्ध नहीं है तो हैंड सैनेटाइजर का इस्तेमाल करें। कार्य स्थल और हॉस्टल मेस/कॉमन एरिया में मास्क पहने। खांसते और छींकते समय चेहरे को जरूर ढकें। मेस परिसर की नियमित तौर पर रासायनिक घोल से सफाई की जाए।
एडवाइजरी के अनुसार डाइनिंग हॉल, मनोरंजन कक्ष और गलियारों जैसे सामान्य क्षेत्रों में अनावश्यक भीड़भाड़ से बचे और उचित दूरी बनाकर रखें। अगर किसी छात्र को कोविड का कोई भी लक्षण है तो तुरंत हॉस्टल वार्डन को सूचित करें। वार्डन प्रभारी, स्वास्थ्य केंद्र/प्रशासन की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार आवश्यक कदम उठाएं। बता दें कि कुछ दिन पहले गोदावरी हॉस्टल में कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया था।