गुरु गोबिंद सिंह इन्द्रप्रस्थ विश्वविद्यालय(आईपीयू) में विद्यार्थी सर्टिफिकेट, डिग्री, डुप्लीकेट डिग्री, माक्र्सशीट व अन्य दस्तावेज सीधे नहीं ले सकेंगे। डीन और डायरेक्टर की सिफारिश पर ही उन्हें यह दस्तावेज मिल पाएंगे। यह नियम पूर्व व अभी अध्ययनरत विद्यार्थियों पर लागू होगा। इस संबंध में सभी डीन व आईपीयू से संबद्ध संस्थानों के निदेशकों को एक नोटिस जारी कर सूचना दी गई है।
यदि पूर्व या वर्तमान में आईपीयू में अध्ययनरत कोई विद्यार्थी विवि से कोई दस्तावेज चाहता है, तो उसके सीधे आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। आईपीयू प्रशासन केअनुसार यदि विद्यार्थी प्रतिलिपि, प्रोविजनल प्रमाणपत्र, माक्र्सशीट, डिग्री, डुप्लीकेट डिग्री, डिग्री में सुधार, डुप्लीकेट प्रोविजनल प्रमाणपत्र, सेमेस्टर माक्र्सशीट, प्रोविजनल प्रमाणपत्र में सुधार के लिए अनुरोध करता है तो उसका अनुरोध को डीन व डायरेक्टर की सिफारिश पर ही स्वीकार किया जाएगा।
परीक्षा शाखा उसके अनुरोध को तभी स्वीकार करेगा जब वह अनुरोध डीन और डायरेक्टर की ओर से आगे बढ़ाया गया होगा। मालूम हो कि आईपीयू से संबंद्ध संस्थानों में निदेशक होते हैं।