बस सेवाएं मंगलवार से ही शुरू होनी थीं, लेकिन बाढ़ का पानी भरने से बस अड्डे को बंद कर दिया गया था। ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। चंडीगढ़ जाने के लिए आईएसबीटी से बस पकड़ने आए यात्री रजत ने बताया कि वह सोमवार यहां आए थे, लेकिन बंद होने से वापस घर लौट गए थे। अपने बच्चों के साथ देहरादून जाने वाले हेमंत बताते हैं कि मंगलवार यहां आए थे, लेकिन बसें कम चलने से उन्हें बस नहीं मिल पाई थी। ऐसे में बस सेवा शुरू होने से काफी सहूलियत मिली है।
दिल्ली ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (डीटीआईडीसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी राज्य परिवहन सेवा को आईएसबीटी खुलने को लेकर सूचित कर दिया है। यहां धीरे-धीरे बसें आने लगी हैं। उन्होंने बताया कि अभी स्टेशन में जनरेटर से बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। सबस्टेशन को ठीक किया जा रहा है। जल्द ही सभी सुविधाएं यात्रियों को दी जाएंगी। वह कहते हैं कि विभाग यात्रियों को अधिक से अधिक बस सेवाएं देने के लिए कार्य कर रहा है। साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक से दो दिनों में पूरी तरह व्यवस्था शुरू हो जाएगी।