चुनाव के लिए पूरी गर्मजोशी से मैदान में उतरने के लिए भाजपा ने विधानसभा स्तर के कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसके लिए पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर के चेहरों को उतारा है। शुक्रवार को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और प्रदेशाध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी पांच विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकों में व्यस्त दिखे। सुबह से शाम तक कार्यकर्ताओं के बीच रहकर इन्होंने दिल्ली के चुनाव में पूरी ताकत झोंकने की अपील की।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा हर विधानसभा क्षेत्र में बैठकें करके चुनावी रणनीति तैयार कर रही है। शुक्रवार को त्रिनगर, वजीरपुर, सदर, तिमारपुर एवं बुराड़ी विधानसभा क्षेत्रों में ये बैठक हुईं। इस दौरान मनोज तिवारी ने कहा कि इस बार दिल्ली नया इतिहास रचने जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत के लिए पूरी ताकत लगाने का संकल्प भी दिलाया।
बैठक में जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली की तकदीर और तस्वीर बदलने के लिए मोदी सरकार के कामों और नीतियों को मतदाताओं के बीच जाकर बताने का काम कार्यकर्ताओं को करना है। जब भी विरोधियों ने नकारात्मकता फैलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रोकने की कोशिश की, पीएम और अधिक ऊर्जा से आगे बढ़े और सबको साथ लेकर चले। केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि दिल्ली सरकार ने पांच साल तक जनहित का कोई काम नहीं किया। केंद्र सरकार ने दिल्ली के लिए जो योजनाएं दीं, उन्हें भी लागू नहीं किया। दिल्ली के करदाताओं का पैसा केजरीवाल विज्ञापनों पर खर्च करके लोगों को गुमराह कर रहे हैं।