आईआईटी दिल्ली और जेएनयू मिलकर कराएंगे शोध और पढ़ाई
नई दिल्ली। आईआईटी दिल्ली और जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय अब मिलकर शोध और पढ़ाई कराएंगे। दोनों संस्थानों के बीच हुए समझौते के तहत संयुक्त शोध, पढ़ाई और लाइब्रेरी में एक-दूसरे का सहयोग लिया जाएगा। दोनों संस्थान इंजीनियरिंग, साइंस, मैनेजमेंट और सोशल साइंस के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे।
आईआईटी दिल्ली के डायरेक्टर प्रो. वी रामगोपाल राव और जेएनयू के कुलपति प्रो. एम जगदीश कुमार ने बृहस्पतिवार को एमओयू पर हस्ताक्षर किए। प्रो. राव का कहना था कि जेएनयू और आईआईटी का शोध कार्यों पर मुख्य फोकस करेगा। आम आदमी की दिक्कतों को दूर करने संबंधी शोध प्राथमिकता में होंगे। इसके अलावा पढ़ाई में भी एक-दूसरे का सहयोग किया जाएगा। कुलपति प्रो. कुमार ने कहा कि स्पेशल सेंटर फॉर नॉर्थ ईस्टर्न स्टडीज और स्पेशल सेंटर फॉर डिजास्टर रिसर्च में शोध को बढ़ावा दिया जाएगा।