शिक्षण संबंधी सहायता, काउंसलिंग सहित अन्य सुविधाएं मिलेंगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र की शुरुआत हुई है। बुधवार को इस केंद्र का उद्घाटन इग्नू के दिल्ली केंद्र के वरिष्ठ निदेशक प्रो. डीपी सिंह ने किया। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य प्रो. सदानंद प्रसाद भी उपस्थित रहे। इस केंद्र के गठन का मुख्य उद्देश्य इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को शिक्षण संबंधी सहायता, काउंसलिंग सहित अन्य सुविधाएं प्रदान करना है।
इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक प्रो. डीपी सिंह ने बताया कि इग्नू के अध्ययन केंद्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज में स्नातक स्तर पर पढ़ाए जाने वाले सभी पाठ्यक्रम शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा स्नातक और स्नातकोत्तर विषयों में हिंदी पत्रकारिता को विशेष तौर पर शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इग्नू के पाठ्यक्रमों में मनोविज्ञान विषय की विशेष मांग है। छात्रों की मांग को देखते हुए उत्तर पूर्वी दिल्ली में इग्नू के शिक्षार्थी सहायता केंद्र की शुरुआत कॉलेज में की गई है।
डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज परिसर में इग्नू के इस केंद्र में कक्षाएं और एसाइनमेंट जमा करने की सुविधा छात्रों को प्राप्त होगी। अंबेडकर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सदानंद प्रसाद ने कहा कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के इस कॉलेज में इग्नू का अध्ययन केंद्र खुलने के बाद समाज के साधनहीन विद्यार्थियों को अध्ययन का अवसर प्राप्त होगा।