राजधानी में बृहस्पतिवार से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है। अगले दो दिनों के लिए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। साथ ही दिल्ली बारिश को लेकर पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर नया रिकॉर्ड बना सकती है। अगले 24 घंटों में मौसम के करवट लेने के साथ तेज बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार से दिल्ली में बारिश को लेकर नया दौर शुरू हो रहा है। इस वजह से आगामी दो दिनों के लिए दिल्ली लगातार भीगेगी। विभाग का पूर्वानुमान है कि दिल्ली में 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ तेज बारिश हो सकती है।
शुक्रवार के लिए बारिश को लेकर यही स्थिति रहेगी, नतीजतन शुक्रवार तक तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बारिश का नया दौर दिल्ली में बारिश का नया रिकॉर्ड भी बना सकता है।
क्योंकि, अभी तक दिल्ली में कुल 1146.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है जो पिछले 46 सालों में सबसे अधिक है। वर्ष 1975 में दिल्ली के आधिकारिक मानक केंद्र सफदरजंग पर 1155 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी।