इहबास में बनेगा नया ओपीडी ब्लॉक, रोजाना आने वाले हजारों मरीजों को मिलेगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
यमुनापार में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। शनिवार को सीएम रेखा गुप्ता ने दो बड़े अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा प्रणाली शुरू कराई है। गुरु तेग बहादुर अस्पताल में आईसीयू-एंडोस्कोपी सुइट और इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज (इहबास) में अत्याधुनिक ओपीडी भवन का शिलान्यास किया गया।
इस मौके पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, शाहदरा के विधायक संजय गोयल और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जीटीबी अस्पताल में 10 बेड के नए मेडिकल आईसीयू वार्ड का उद्घाटन किया गया। यह आईसीयू आधुनिक मशीनों और जरूरी उपकरणों से लैस है, जिससे गंभीर मरीजों को तुरंत और बेहतर इलाज मिल सकेगा। अस्पताल पहले से करीब 1500 बेड की क्षमता के साथ बड़े सरकारी केंद्रों में शामिल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अस्पताल परिसर में पिछली सरकार के समय अधूरी छोड़ी गई पीछे की बिल्डिंग का काम जल्द दोबारा शुरू कराया जाएगा।
तनाव से जूझ रहे लोगों के लिए संजीवनी
स्वास्थ्य सेवाओं को सिर्फ इलाज तक सीमित न रखते हुए सरकार ने एकीकृत आयुष स्ट्रेस मैनेजमेंट प्रोग्राम भी शुरू किया है। यह ओपीडी आयुर्वेदिक एवं यूनानी तिब्बिया कॉलेज, नेहरू होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, बीआर सूर कॉलेज, ब्रह्म प्रकाश आयुर्वेद संस्थान और इहबास में चलाई जाएगी। यहां योग, लाइफस्टाइल काउंसलिंग, डिजिटल डिटॉक्स और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के जरिए तनाव कम करने पर काम होगा।
इहबास में नए ओपीडी भवन की रखी आधारशिला
इहबास को उत्तर भारत में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज और परामर्श के लिए पहुंचते हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए नए और आधुनिक ओपीडी भवन की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। मुख्यमंत्री ने नए ओपीडी ब्लॉक की आधारशिला रखते हुए कहा कि इसके बनने से मरीजों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी। पंजीकरण, परामर्श, जांच और उपचार की पूरी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी। इससे डॉक्टरों और स्टाफ को भी काम करने में सहूलियत मिलेगी और ज्यादा मरीजों को कम समय में सेवा मिल सकेगी।
वर्जन
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और आधुनिक बनाने के लिए सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। हमारा लक्ष्य है कि हर नागरिक को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिले। जीटीबी और इहबास में शुरू की गई ये सुविधाएं यमुनापार ही नहीं, पूरे एनसीआर के लिए महत्वपूर्ण हैं। - रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री
वर्जन
दिल्ली के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ये सेवाएं महत्वपूर्ण हैं। इहबास के नए ओपीडी भवन का शिलान्यास किया है। हम चाहते हैं कि दिल्ली का स्वास्थ्य तंत्र देश के लिए मॉडल बने। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों का समर्पण ही इस व्यवस्था की ताकत है और सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी है। - डॉ. पंकज कुमार सिंह, स्वास्थ्य मंत्री