नई दिल्ली। दवा की कीमत को लेकर हुई कहासुनी में केमिस्ट की गोली मारकर हत्या करने वाले जिम ट्रेनर को पालम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चाणक्यपुरी स्थित जिम में ट्रेनर है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक रिवॉल्वर, दस कारतूस व वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है।
जिला पुलिस उपायुक्त देवेंद्र आर्या ने बताया कि 7 दिसंबर की रात 11 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि महावीर एंक्लेव स्थित संजय मेडिकल स्टोर में केमिस्ट संजीव कुमार को किसी ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। संजीव ने बयान में बताया कि एक ग्राहक उसकी दुकान पर आया था। ग्राहक से दवा की कीमत को लेकर विवाद हो गया। ग्राहक ने रिवॉल्वर निकालकर उसके पेट में गोली मार दी और फरार हो गया। इलाज के दौरान संजीव की मौत हो गई।
दिल्ली कैंट के एसीपी मनीष जोरवाल की देखरेख में पुलिस की चार टीमों ने जांच शुरू की। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में आरोपी की तस्वीर मिली, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी। एसआई अशोक कुमार को सूचना मिली कि आरोपी अपने परिचित से मिलने साध नगर आ रहा है, जहां से वह छत्तीसगढ़ स्थित अपने ससुराल भाग जाएगा। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी नीरज गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि कहासुनी के दौरान उसे गुस्सा आ गया था और उसने केमिस्ट को गोली मार दी।