नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालयों (आरपीवीवी) के दाखिलों पर भी कोरोना का साया पड़ गया है। दिल्ली के 22 आरपीवीवी में शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए छठी कक्षा में दाखिले नहीं होंगे। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण इस कक्षा में दाखिले के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा को आयोजित नहीं करने का फैसला किया गया है। ऐसे में इस बार प्रवेश परीक्षा नहीं होने के कारण इस कक्षा के लिए दाखिले भी नहीं होंगे।
दिल्ली सरकार के 22 राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय केंद्रीय विद्यालयों के समकक्ष माने जाते हैं। इनमें छठी में दाखिले प्रवेश परीक्षा के आधार पर लिए जाते हैं। शिक्षा निदेशालय के अनुसार कोरोना महामारी के कारण सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, एनडीएमसी, एमसीडी, दिल्ली छावनी बोर्ड के स्कूल छात्रों के लिए बंद हैं। कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण के कारण सत्र 2020-21 में छठी कक्षा में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जा सकती। इन परिस्थितियों को देखते हुए यह तय किया गया है कि इस साल प्रवेश परीक्षा नहीं होने के कारण छठी में दाखिलेे नहीं होंगे। अगले सत्र 2021-22 में छठी व सातवीं में दाखिले प्रवेश परीक्षा के आधार पर ही लिए जाएंगे।